राष्ट्रीय ताइक्वांडो चैंपियनशिप में लखनऊ का जलवा, 8 गोल्ड समेत जीते कुल 13 मेडल
Lucknow News: राजधानी लखनऊ के ताइक्वांडो खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए राष्ट्रीय मंच पर बड़ी कामयाबी हासिल की है। चौक स्टेडियम में आयोजित नेशनल ताइक्वांडो प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश का प्रतिनिधित्व करते हुए लखनऊ के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया और 8 स्वर्ण (गोल्ड) व 5 रजत (सिल्वर) समेत कुल 13 पदकों पर कब्जा जमाया।
13 और 14 जून, 2026 तक चली इस दो दिवसीय प्रतियोगिता का आयोजन ताइक्वांडो फेडरेशन ऑफ़ इंडिया के तत्वाधान में उत्तर प्रदेश ताइक्वांडो एसोसिएशन द्वारा किया गया था। प्रतियोगिता के पूमसे इवेंट में लखनऊ के खिलाड़ियों का दबदबा रहा।
गोल्ड मेडल विजेता (स्वर्ण): बालक सब जूनियर वर्ग में विनायक राज वंश, दिव्य राज वंश, अक्षत साहू और मयंक तिवारी ने शानदार प्रदर्शन कर सोना जीता। वहीं, बालिका सब जूनियर में रिमझिम यादव व अवंतिका सिंह, बालक कैडेट वर्ग में हिमेश रावत और बालिका कैडेट वर्ग में वृंदा द्विवेदी ने स्वर्णिम सफलता हासिल की।
सिल्वर मेडल विजेता (रजत): बालक सब जूनियर वर्ग में अद्विक शर्मा और आराध्य शर्मा ने रजत पदक जीता। इसके साथ ही बालक कैडेट वर्ग में श्रेयांश नायक, रुद्रांश शुक्ला और आकाश ठक्करवाल ने भी सिल्वर मेडल अपने नाम किया।
लखनऊ के इन सभी होनहार पदक विजेता खिलाड़ियों को इंटरनेशनल प्लेयर मास्टर अतुल यादव के संरक्षण में तैयार किया जा रहा है। ये सभी खिलाड़ी ऑक्सफ़ोर्ड ताइक्वांडो अकादमी की नेशनल प्लेयर व प्रशिक्षक (कोच) आकांक्षा विश्वकर्मा से ताइक्वांडो के गुर सीख रहे हैं। खिलाड़ियों की इस ऐतिहासिक सफलता पर राजधानी के खेल प्रेमियों, खेल अधिकारियों और प्रशिक्षकों ने खुशी जाहिर करते हुए सभी विजेताओं को उनके उज्जवल भविष्य के लिए ढेरों शुभकामनाएं दी हैं।

