Basti News: सीडीओ की मौजूदगी में ग्राम चौपाल में हंगामा, भ्रष्टाचार का मुद्दा उठाने पर प्रधान पक्ष ने अधिवक्ता पर किया हमला

Basti News: शासन के आदेश पर बनकटी विकास खंड के खोरिया गांव में शनिवार रात एक विशेष रात्रि ग्राम चौपाल का आयोजन किया गया था। इसकी अध्यक्षता मुख्य विकास अधिकारी सार्थक अग्रवाल कर रहे थे। मंच पर जिला स्तरीय अधिकारी भी मौजूद थे। इसी दौरान स्थानीय अधिवक्ता दुर्गा प्रसाद उपाध्याय ने विकास कार्यों में कथित बड़े घोटाले को उठाते ही चौपाल का माहौल अचानक बदल गया।

अधिवक्ता ने शौचालय निर्माण, इंटरलॉकिंग सड़कों और अन्य योजनाओं में वित्तीय अनियमितताओं के तथ्य व आंकड़े पेश करने शुरू किए। जैसे ही उन्होंने भ्रष्टाचार की परतें खोलनी शुरू कीं, ग्राम प्रधान और उनके समर्थक बौखला गए। उन्होंने बीच चौपाल में ही अधिवक्ता पर हमला कर दिया, उनसे माइक छीन लिया और धक्का-मुक्की शुरू कर दी।

मौके पर अफरातफरी का माहौल हो गया। हालांकि, अन्य ग्रामीणों ने बीच-बचाव कर स्थिति को बिगड़ने से रोका। लेकिन इस पूरे घटनाक्रम के बाद सीडीओ और उनकी टीम को कार्यक्रम समाप्त कर जल्दी वापस लौटना पड़ा। इस घटना का वीडियो रविवार सुबह से सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें साफ देखा जा सकता है कि अधिकारी मूकदर्शक बने रहे।

सवाल उठने लगे हैं कि जब आईएएस अधिकारी की मौजूदगी में ही सच बोलने वाले की सुरक्षा नहीं हो पाई, तो आम ग्रामीण कैसे निडर होकर शिकायत करेंगे? ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी से पढ़े युवा आईएएस अधिकारी सार्थक अग्रवाल, जिन्होंने उच्च वेतन वाली नौकरियां छोड़ देशसेवा के लिए यूपीएससी क्रैक की थी, अब इस घटना के बाद जमीनी हकीकत से रूबरू हो रहे हैं। अब तक जिला प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है, लेकिन सूत्रों के अनुसार आंतरिक जांच शुरू कर दी गई है।

Also Read: राष्ट्रीय ताइक्वांडो चैंपियनशिप में लखनऊ का जलवा, 8 गोल्ड समेत जीते कुल 13 मेडल

Get real time updates directly on you device, subscribe now.