लखनऊ में E-20 के खिलाफ सपा का प्रदर्शन, पुलिस ने कार्यकर्ताओं को बसों में बैठाया
Lucknow News: लखनऊ में शनिवार दोपहर करीब 12:15 बजे समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने E-20 इथेनॉल के खिलाफ प्रदर्शन किया। कार्यकर्ता अचानक हजरतगंज चौराहे पर पहुंच गए। उनके हाथों में इथेनॉल के विरोध वाले पोस्टर और बैनर थे। कुछ प्रदर्शनकारी गन्ने की तस्वीर वाले पोस्टरनुमा कुर्ते पहनकर पहुंचे थे।
प्रदर्शन की जानकारी मिलते ही पुलिस ने कार्यकर्ताओं को मौके से हटाना शुरू किया। पुलिसकर्मी प्रदर्शनकारियों को पकड़कर बसों में बैठाते नजर आए। कुछ हल्के कार्यकर्ताओं को पुलिसकर्मी गोद में उठाकर बस तक ले गए, जबकि अन्य को हाथ-पैर पकड़कर बस में बैठाया गया। बाद में सभी प्रदर्शनकारियों को इको गार्डन भेज दिया गया।

सपा नेताओं ने गिनाईं E-20 से जुड़ी दिक्कतें
प्रदर्शन में शामिल लोहिया वाहिनी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राज साहनी ने कहा कि इथेनॉल के कारण वाहनों का माइलेज काफी कम हुआ है। उनका दावा है कि इसका असर आर्थिक रूप से कमजोर लोगों और छात्रों पर पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार लोगों को शुद्ध पेट्रोल भी उपलब्ध नहीं करा रही है।
राज साहनी ने आरोप लगाया कि माइलेज कम होने के साथ वाहनों के इंजन में भी तकनीकी दिक्कतें आ रही हैं। इससे आम लोगों की जेब पर अतिरिक्त बोझ पड़ रहा है।
प्रदेशव्यापी आंदोलन की चेतावनी
सपा नेता राम प्रकाश ने सरकार पर जनता से जुड़े मुद्दों के प्रति संवेदनहीन होने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि पहले लोग महंगे पेट्रोल-डीजल से परेशान थे, अब वाहनों को लेकर नई समस्या खड़ी हो गई है। उन्होंने कहा कि अगर जरूरत पड़ी तो E-20 के खिलाफ प्रदेशव्यापी आंदोलन किया जाएगा।
Also Read: Lucknow News: 25 हजार लेते पोस्ट ऑफिस कर्मचारी गिरफ्तार, लोन सब्सिडी के लिए मांगे थे 35 हजार

