लखनऊ में लकड़ी के बक्से में मिली युवक की लाश, सीमा विवाद में उलझी दो थानों की पुलिस

Lucknow News: लखनऊ के मोहनलालगंज कोतवाली क्षेत्र में बुधवार को लकड़ी के बक्से से युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। बक्सा निगोहां से पहले भावाखेड़ा गांव के पास हाईवे किनारे माइनर में पड़ा था। शव पर चोट के निशान मिले हैं। ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की।

बक्से में शव मिलने से मचा हड़कंप

ग्रामीणों ने माइनर में लकड़ी का बक्सा पड़ा देखा। शक होने पर उन्होंने पास जाकर जांच की तो अंदर युवक की लाश मिली। सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने शव बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू की।

मोहनलालगंज इंस्पेक्टर रामबाबू के अनुसार, शव करीब दो से तीन दिन पुराना है। युवक की उम्र लगभग 32 से 34 वर्ष बताई जा रही है। आशंका है कि शव को देर रात कहीं और से लाकर यहां फेंका गया। ग्रामीणों ने हत्या के बाद शव ठिकाने लगाने की आशंका जताई है।

पहचान और मौत की वजह तलाश रही पुलिस

फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए हैं। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। स्थानीय लोगों की मदद से मृतक की पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पहचान के बाद ही मौत की असली वजह स्पष्ट हो सकेगी।

सीमा विवाद के बाद बुलाया गया लेखपाल

शव मिलने के बाद मोहनलालगंज और निगोहां थाने की पुलिस सीमा विवाद में उलझ गई। दोनों थाने एक-दूसरे के क्षेत्र में घटना होने की बात कह रहे थे। समाधान नहीं निकलने पर लेखपाल को बुलाया गया। नपाई के बाद सीमा विवाद सुलझा और पुलिस ने जांच आगे बढ़ाई।

Also Read: UPI चार्ज पर सुप्रीम कोर्ट में याचिका, ₹2000 से ज्यादा मर्चेंट पेमेंट पर MDR को चुनौती 

Get real time updates directly on you device, subscribe now.