UP STF का बड़ा एक्शन: सुल्तानपुर में पकड़ा गया 90 लाख का गांजा, बिहार का तस्कर गिरफ्तार

Sultanpur News: सुल्तानपुर में मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत UP STF को बड़ी सफलता मिली है। लखनऊ-वाराणसी राष्ट्रीय राजमार्ग पर चांदा थाना क्षेत्र के बरनी मोड़ टोल प्लाजा के पास संयुक्त कार्रवाई करते हुए एसटीएफ और स्थानीय पुलिस ने एक ट्रक से 360 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। मामले में बिहार निवासी ट्रक चालक को गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस के मुताबिक बरामद गांजे की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 90 लाख रुपये आंकी गई है। जांच एजेंसियों का मानना है कि यह खेप उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों में सप्लाई किए जाने के लिए लाई जा रही थी। कार्रवाई के बाद पूरे तस्करी नेटवर्क की पड़ताल शुरू कर दी गई है।

कई जिलों में होनी थी सप्लाई

STF के उपनिरीक्षक फैजुद्दीन सिद्दीकी के अनुसार शुक्रवार शाम करीब सात बजे संदिग्ध ट्रक को रोककर तलाशी ली गई। ट्रक में छिपाकर रखे गए 12 प्लास्टिक बंडलों से कुल 360 किलो गांजा बरामद हुआ। मौके से ट्रक चालक दीपक महतो, निवासी मधुबनी (बिहार), को गिरफ्तार कर लिया गया।

पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि वह पेशे से ट्रक चालक है, लेकिन कुछ लोगों के संपर्क में आने के बाद गांजा तस्करी के धंधे से जुड़ गया। उसने बताया कि यह खेप ओडिशा से लाई गई थी और इसे उत्तर प्रदेश के अलग-अलग जिलों में पहुंचाया जाना था। इसके बदले उसे प्रति खेप 50 हजार रुपये मिलते थे।

पुलिस ने आरोपी के पास से मोबाइल फोन, आधार कार्ड, एटीएम कार्ड और ड्राइविंग लाइसेंस भी बरामद किए हैं। अब उसके मोबाइल डेटा और संपर्कों के आधार पर पूरे नेटवर्क की जांच की जा रही है।

पिछले साल भी पकड़ी गई थी बड़ी खेप

सुल्तानपुर में यह पहली बड़ी कार्रवाई नहीं है। इससे पहले जून 2025 में भी एसटीएफ और स्थानीय पुलिस ने संयुक्त अभियान में एक कंटेनर से तीन क्विंटल से अधिक गांजा बरामद किया था। उस समय भी तस्करों ने गांजे को पेपर रोल के बीच छिपाकर रखा था और उसकी कीमत करीब 70 लाख रुपये आंकी गई थी।

पुलिस का कहना है कि प्रदेश में सक्रिय अंतरराज्यीय मादक पदार्थ तस्करी गिरोहों पर लगातार नजर रखी जा रही है और इस मामले में भी जल्द ही अन्य आरोपियों तक पहुंचने की उम्मीद है।

 

Also Read: UP में 21 साल के फर्जी ब्रिगेडियर का भंडाफोड़, एक गलती ने खोली पोल, कहानी सुन पुलिस भी हैरान

Get real time updates directly on you device, subscribe now.