मणिपुर में 2 मासूमों की मौत के बाद भड़की हिंसा, 5 जिलों में इंटरनेट ठप, बिष्णुपुर में कर्फ्यू

Sandesh Wahak Digital Desk: पूर्वोत्तर राज्य मणिपुर एक बार फिर हिंसा की आग में झुलस उठा है। बिष्णुपुर जिले के मोइरांग में संदिग्ध कुकी उग्रवादियों द्वारा दागे गए एक रॉकेट हमले में दो मासूम बच्चों की दर्दनाक मौत के बाद हालात बेकाबू हो गए हैं। इस घटना ने पूरे राज्य में तनाव पैदा कर दिया है, जिसके चलते प्रशासन ने बिष्णुपुर में अनिश्चितकालीन कर्फ्यू लगा दिया है और पांच घाटी जिलों में 3 दिनों के लिए इंटरनेट सेवाएं पूरी तरह बंद कर दी हैं।

आधी रात को गिरा ‘मौत का रॉकेट’

हमला मोइरांग पुलिस स्टेशन के अंतर्गत ट्रोंगलाओबी अवांग लेइकाई में रात करीब 1 बजे हुआ। उग्रवादियों द्वारा दागा गया रॉकेट सीधे एक घर पर जा गिरा। धमाके की चपेट में आने से 5 वर्षीय बालक और मात्र 5 महीने की बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई। बच्चों की मां इस हमले में बुरी तरह घायल हो गईं, जिनका उपचार अस्पताल में चल रहा है।

सड़कों पर उतरा जनाक्रोश: फूंकी गाड़ियां

इस हृदयविदारक घटना की खबर फैलते ही घाटी के जिलों में उबाल आ गया। प्रदर्शनकारियों ने बिष्णुपुर में चुराचांदपुर की ओर जा रहे दो बिटुमेन टैंकर और लोहे से लदे एक ट्रक को आग के हवाले कर दिया।

उत्तेजित भीड़ ने बिष्णुपुर-चुराचांदपुर सीमा पर स्थित सीआरपीएफ कैंप को घेर लिया। भीड़ को तितर-बितर करने के लिए सुरक्षा बलों को स्मोक बम और हवाई फायरिंग करनी पड़ी, जिसमें 19 लोग घायल हुए हैं।

कवरेज कर रहे पत्रकारों को भी अपनी जान बचाने के लिए पास की नहर में छिपना पड़ा। हिंसा के दौरान एक अन्य व्यक्ति की मौत की भी अपुष्ट खबर है।

प्रशासन सख्त: इंटरनेट और आवाजाही पर रोक

हालात को देखते हुए राज्य सरकार ने अफवाहों पर लगाम लगाने के लिए सख्त कदम उठाए हैं। इंफाल पश्चिम, इंफाल पूर्व, थौबल, काकचिंग और बिष्णुपुर में इंटरनेट बंद कर दिया गया है। पूरे क्षेत्र में सेना और अर्धसैनिक बलों की अतिरिक्त टुकड़ियां तैनात कर दी गई हैं। मोइरांग पुलिस स्टेशन के बाहर भारी संख्या में लोग जमा होकर जवाबदेही की मांग कर रहे हैं।

मणिपुर सरकार और सुरक्षा एजेंसियां इस रॉकेट हमले के स्रोत की जांच कर रही हैं। अधिकारियों ने जनता से शांति बनाए रखने और कानून हाथ में न लेने की अपील की है।

Also Read: UP को मिले 21 नए IAS अफसर, लखनऊ, वाराणसी और अयोध्या समेत इन शहरों में संभालेंगे कमान

Get real time updates directly on you device, subscribe now.