Saharanpur News: हेरोइन के साथ दो तस्कर गिरफ्तार, ANTF सहारनपुर को मिली बड़ी सफलता
Saharanpur News: एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) थाना सहारनपुर और कोतवाली शामली पुलिस की संयुक्त टीम ने मादक पदार्थों की तस्करी करने वाले एक बड़े गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने दिल्ली-सहारनपुर हाईवे पर घेराबंदी कर दो शातिर तस्करों को गिरफ्तार किया है। अभियुक्तों के पास से 525 ग्राम अवैध हेरोइन बरामद हुई है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत लगभग 1 करोड़ 05 लाख रुपये बताई जा रही है।
वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन एवं एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत ANTF सहारनपुर टीम को बड़ी सफलता मिली। 1 अगस्त को टीम ने कोतवाली शामली क्षेत्र में दिल्ली-सहारनपुर हाईवे पर, ग्राम लिलोन से कैराना बाईपास की ओर ईंट भट्ठे के पास चेकिंग के दौरान दो संदिग्धों को पकड़ा। तलाशी लेने पर उनके कब्जे से 1.05 करोड़ रुपये की हेरोइन, एक मोटरसाइकिल, 3 मोबाइल फोन और 115 रुपये नकद बरामद हुए।
बरेली से मंगवाई गई थी ड्रग्स की खेप
पुलिस पूछताछ में पकड़े गए अभियुक्त मिनशाद ने खुलासा किया कि वह शामली के ही एक व्यक्ति के इशारे पर ड्रग्स सप्लाई का काम करता है। उसी के कहने पर वह यह हेरोइन बरेली से लेकर आया था। यह माल दूसरे अभियुक्त मुनशाद चौहान को सौंपा जाना था, जिसे वह शामली और आसपास के क्षेत्रों में छोटे-छोटे ग्राहकों को बेचने की फिराक में था।
गिरफ्तार किए गए तस्करों की पहचान मुनशाद (26 वर्ष) पुत्र आलमदीन निवासी अला खुर्द थाना कैराना (शामली) और मुनशाद चौहान (29 वर्ष) पुत्र जिन्दा हसन निवासी ग्राम लोहरीपुर मल्हीपुर थाना काँधला (शामली) के रूप में हुई है। आरोपियों के खिलाफ कोतवाली शामली में एनडीपीएस (NDPS) एक्ट की गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर उन्हें जेल भेजने की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
इस सफल कार्रवाई में ANTF सहारनपुर से उपनिरीक्षक अवधेश, उपनिरीक्षक भूपेन्द्र सिंह, कांस्टेबल प्रभात पंवार, अंकित कुमार, सूरज देशवाल और आशीष कुमार शामिल रहे। वहीं शामली कोतवाली पुलिस टीम से उपनिरीक्षक मनोज दिनकर, मुख्य आरक्षी विकास चपराना और भगत भाटी ने महत्वपूर्ण सहयोग दिया।

