Mathura News: नशीला दूध पिलाकर पति को सुलाया, फिर मूसली से किया वार, नहीं मिले अब तक शव के अवशेष
Mathura News: उत्तर प्रदेश के मथुरा में मनोज सोनी की संदिग्ध हत्या का मामला सामने आया है। मनोज 17 अप्रैल की रात से लापता था। पुलिस के मुताबिक, उसकी पत्नी नैना, बेटी और बेटी के दोस्त विमल ने पूछताछ में हत्या की बात स्वीकार की है। हालांकि, पुलिस को अभी शव या उसके अवशेष नहीं मिले हैं।
मनोज के भाई रामबाबू की शिकायत पर पुलिस ने पत्नी, बेटी और विमल के खिलाफ अपहरण और हत्या का मुकदमा दर्ज किया है। तीनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
दूध में नशा देकर सिर पर किया वार
एसएसपी श्लोक कुमार के मुताबिक, पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि मनोज अक्सर मारपीट करता था। 17 अप्रैल की रात पत्नी का उससे विवाद हुआ था। आरोप है कि इसके बाद नैना ने मनोज को दूध में नशे की दवा देकर सुला दिया। फिर मसाला कूटने वाली मूसली से उसके सिर पर वार किया, जिससे उसकी मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार, उसी रात पत्नी, बेटी और विमल शव को अक्रूर घाट के पास ले गए और वहां जला दिया। पुलिस अब शव के अवशेष तलाश रही है।
शिकायत वापस लेने पर भाई को हुआ शक
मनोज की पत्नी 21 जुलाई को गोविंद नगर थाने पहुंची थी और 17 अप्रैल से पति के लापता होने की शिकायत दी थी। अगले ही दिन उसने शिकायत वापस ले ली। इसकी जानकारी मिलने पर रामबाबू को शक हुआ।
बाद में नैना बेटी के साथ घर में ताला लगाकर चली गई। रामबाबू ने पुलिस को इसकी जानकारी दी और पत्नी, बेटी व उनके दोस्त पर हत्या का आरोप लगाया। पुलिस अब मनोज की मोबाइल कॉल डिटेल, रिश्तेदारों, दोस्तों और आसपास के लोगों से पूछताछ करेगी। अधिकारियों का कहना है कि शव के अवशेष या अन्य ठोस सबूत मिलने के बाद ही मामले में अंतिम निष्कर्ष निकलेगा।
Also Read: योगी सरकार की पहल, IAS-IPS अफसर स्कूली बच्चों को देंगे करियर टिप्स, हर माह होगा संवाद

