Mathura News: 9 लाख की चरस और अफीम के साथ 3 अंतरराज्यीय तस्कर गिरफ्तार, UP ANTF ने की कार्रवाई
Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश पुलिस की एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) ने अवैध मादक पदार्थों की तस्करी करने वाले एक बड़े गिरोह का भंडाफोड़ किया है। आगरा यूनिट ने मथुरा के रिफाइनरी थाना क्षेत्र से तीन सक्रिय तस्करों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से करीब 09 लाख रुपये मूल्य की चरस और अफीम बरामद की है।
सर्विस लेन पर घेराबंदी कर दबोचे गए तस्कर
एएनटीएफ की आगरा यूनिट को सूचना मिली थी कि तस्कर स्विफ्ट डिजायर कार से भारी मात्रा में नशीले पदार्थ लेकर जा रहे हैं। इस पर त्वरित कार्रवाई करते हुए टीम ने 15 अप्रैल को आगरा-दिल्ली नेशनल हाईवे स्थित अंबेडकर पार्क के सामने सर्विस लेन (बरारी) पर घेराबंदी की और तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार अभियुक्तों का विवरण
सकलदेव साव (33 वर्ष): निवासी चतरा, झारखण्ड।
चन्दन कुमार केसरी (34 वर्ष): निवासी गया, बिहार।
अमित कुमार पाण्डेय (48 वर्ष): निवासी हजारीबाग, झारखण्ड।
झारखंड के जंगलों से बरेली का कनेक्शन
पूछताछ में आरोपियों ने चौंकाने वाले खुलासे किए हैं। उन्होंने बताया कि वे लंबे समय से तस्करी के धंधे में लिप्त हैं। यह माल उन्होंने झारखंड के जंगलों में रहने वाले एक व्यक्ति से खरीदा था। वे इस खेप को बरेली निवासी एक तस्कर को सप्लाई करने मथुरा रेलवे स्टेशन जा रहे थे, लेकिन उससे पहले ही पुलिस के हत्थे चढ़ गए।
बरामदगी का विवरण
नशीले पदार्थ: 1.946 किग्रा चरस और 795 ग्राम अफीम (कीमत लगभग 09 लाख रुपये)।
वाहन: 01 सफेद रंग की स्विफ्ट डिजायर कार।
नगदी व अन्य: 6,710 रुपये नकद, 03 मोबाइल फोन, विभिन्न बैंकों के एटीएम, आधार कार्ड और पैन कार्ड।
विधिक कार्रवाई और टीम
इस मामले में थाना रिफाइनरी, मथुरा पर मु0अ0सं0 108/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की गंभीर धाराओं में मुकदमा पंजीकृत किया गया है।
ANTF टीम: निरीक्षक हरवेन्द्र मिश्रा (प्रभारी आगरा यूनिट) के नेतृत्व में मुख्य आरक्षी आशीष शुक्ला, आरक्षी प्रेम नारायन, वशीम अकरम और चालक मुकेश कुमार ने इस ऑपरेशन को अंजाम दिया।
सहयोग: थाना रिफाइनरी के प्रभारी/सहायक पुलिस अधीक्षक जयबिंद कुमार गुप्ता और उनकी टीम ने इस कार्रवाई में सहयोग किया।
Also Read: लखनऊ के बाद गाजियाबाद में आग से हाहाकार, कनवानी में 500 झुग्गियां जलकर हुई खाक

