Lucknow News: रिवॉल्वर और मोबाइल लूटने वाले 3 शातिर गिरफ्तार, 100 CCTV कैमरों की मदद से सुलझी गुत्थी

Sandesh Wahak Digital Desk: लखनऊ के मोहनलालगंज थाना क्षेत्र में पार्किंग विवाद के बाद मारपीट और लूटपाट करने वाले तीन शातिर अभियुक्तों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए अभियुक्तों के कब्जे से लूटी गई .32 बोर की लाइसेंसी रिवॉल्वर, 4 जिंदा कारतूस और सैमसंग का कीमती मोबाइल फोन बरामद किया गया है। पुलिस ने इस मामले को महज 24 घंटे के भीतर 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की खाक छानकर सुलझा लिया।

पार्किंग से शुरू हुई रंजिश, फिर बीच सड़क पर तांडव

घटना 6 अप्रैल की रात की है। तेलीबाग वृंदावन निवासी हेमंत सोनी अपने भाई शंकर सोनी के साथ ‘होटल एनट्रास’ में एक मुंडन पार्टी में गए थे। रात करीब 10:30 बजे गाड़ी बैक करने को लेकर हेमंत का रवि सिंह उर्फ विक्की और उसके साथियों से विवाद हो गया। उस वक्त अभियुक्त अपने परिवार के साथ थे, इसलिए वे अपने गांव चले गए।

थोड़ी देर बाद अभियुक्त रवि अपने साथियों आर्यन और विशेष त्रिवेदी के साथ वापस आए। उन्होंने फुलवरिया मोड़ पर हेमंत की गाड़ी के आगे अपनी स्विफ्ट डिजायर लगाकर उन्हें रोका और डंडों से बुरी तरह पीटा। इस दौरान आरोपियों ने हेमंत की लाइसेंसी रिवॉल्वर और मोबाइल छीन लिया और फरार हो गए।

मुखबिर की सूचना पर नहर के पास से गिरफ्तारी

थाना मोहनलालगंज पुलिस ने मुकदमा अपराध संख्या 132/26 (धारा 309(6) BNS) दर्ज कर जांच शुरू की। इंस्पेक्टर मोहनलालगंज के नेतृत्व में गठित टीमों ने 100 सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। बुधवार को मुखबिर की सटीक सूचना पर हुलासखेड़ा-गोसाईगंज नहर के पास से तीनों आरोपियों को दबोच लिया गया।

गिरफ्तार अभियुक्तों का विवरण

रवि सिंह उर्फ विक्की सिंह: (उम्र 39 वर्ष), निवासी हरिकंशगढ़ी (मुख्य आरोपी, जिस पर पहले से हत्या का मुकदमा दर्ज है)।

आर्यन सिंह: (उम्र 22 वर्ष), निवासी हरिकंशगढ़ी।

विशेष त्रिवेदी उर्फ राज पंडित: (उम्र 19 वर्ष), निवासी हुलासखेड़ा।

बरामदगी का विवरण:

01 अदद रिवॉल्वर (.32 बोर)

04 अदद जिंदा कारतूस

01 सैमसंग S-24 मोबाइल फोन

अपराधिक इतिहास: विक्की का पुराना रिकॉर्ड

मुख्य अभियुक्त रवि सिंह उर्फ विक्की एक शातिर अपराधी है। उस पर पीजीआई थाने में साल 2022 में हत्या (धारा 304 भादवि) का मुकदमा पहले से दर्ज है। पुलिस ने तीनों अभियुक्तों को माननीय न्यायालय के समक्ष पेश कर जेल भेज दिया है।

Also Read: ‘भाजपा की नीतियां दीमक जैसी’, कानपुर में अखिलेश यादव ने बोला बड़ा हमला

Get real time updates directly on you device, subscribe now.