Bareilly News: स्मार्ट मीटर के खिलाफ चेयरमैन ने ऊर्जा मंत्री को लिखा पत्र,जनता में भारी रोष

आंवला (बरेली)। तहसील आंवला के गंज मोहल्ला और नालापार क्षेत्र में स्मार्ट मीटर आम जनता के लिए जी का जंजाल बन गए हैं। बुधवार को मीटरों की ‘जादुई’ रफ्तार और भारी-भरकम बिलों से परेशान दर्जनों महिलाओं ने उपजिलाधिकारी (SDM) विदुषी सिंह के पास पहुंचकर अपना दुखड़ा सुनाया। दूसरी ओर, नगर पालिका अध्यक्ष सैय्यद आबिद अली ने भी प्रदेश के ऊर्जा मंत्री को पत्र लिखकर पुराने पोस्टपेड मीटर वापस लगाने की मांग की है।

महिलाओं का आरोप: “मजदूरी पर जाते हैं, फिर भी बढ़ रही रीडिंग”

नालापार की निवासी नजमा, हजरा और चांदनी ने एसडीएम को बताया कि जब से स्मार्ट मीटर लगे हैं, उनके घरों का बजट पूरी तरह बिगड़ गया है। प्रदर्शन कर रही महिलाओं ने कहा कि वे दिन भर मजदूरी के लिए बाहर रहती हैं और घर में ताला लगा रहता है, इसके बावजूद मीटर बिजली की रफ्तार से भाग रहे हैं। हिना, शहनाज और राबिया का आरोप है कि समय पर पैसा जमा करने के बावजूद बिजली सुचारू नहीं मिल रही है।

नगर पालिका अध्यक्ष सैय्यद आबिद अली ने मामले में हस्तक्षेप करते हुए प्रदेश के ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा को पत्र भेजकर स्मार्ट मीटर हटाने और पुराने पोस्टपेड मीटर बहाल करने की मांग की है।

चेयरमैन के आवास का घेराव कर रही जनता

चेयरमैन आबिद अली ने पत्र में स्पष्ट किया कि स्मार्ट मीटर लगने के बाद से नगरवासियों की मुसीबतें बढ़ गई हैं। स्थिति यह है कि आक्रोशित जनता आए दिन उनके आवास और कार्यालय का घेराव कर रही है। उपभोक्ताओं की सबसे बड़ी शिकायत यह है कि रिचार्ज खत्म होते ही बिना किसी पूर्व सूचना के बिजली काट दी जाती है, जिससे बच्चों की पढ़ाई और घर के कामकाज ठप हो रहे हैं।

अल्प-शिक्षित और गरीब परिवारों पर दोहरी मार

ऊर्जा मंत्री को भेजे गए पत्र में चेयरमैन ने कई व्यावहारिक तर्क दिए हैं। नगर की एक बड़ी आबादी कम पढ़ी-लिखी है। कई उपभोक्ताओं के मोबाइल नंबर बिजली विभाग के डेटा से लिंक नहीं हैं, जिससे उन्हें लो-बैलेंस का अलर्ट नहीं मिल पाता। गरीब और दिहाड़ी मजदूर परिवारों के लिए एक साथ एडवांस रिचार्ज कराना संभव नहीं है। पोस्टपेड व्यवस्था में उन्हें महीने भर का समय मिलता था, लेकिन प्रीपेड व्यवस्था ने उनके सामने अंधेरे का संकट खड़ा कर दिया है।

“सरकार के खिलाफ बन रहा माहौल”

नगर पालिका अध्यक्ष ने कड़े शब्दों में चेतावनी दी है कि बिजली विभाग की इस मनमानी कार्यप्रणाली से जनता में सरकार के प्रति गहरा रोष पनप रहा है। उन्होंने ऊर्जा मंत्री से मांग की है कि नगर में पूर्व की भांति पोस्टपेड मीटर लगाए जाएं। यदि स्मार्ट मीटर रहे, तो ऐसी व्यवस्था हो कि रिचार्ज खत्म होने पर तत्काल कटौती न हो और बिल जमा करने के लिए उपभोक्ताओं को पर्याप्त समय मिले।

रिपोर्ट: Lucknow News: रिवॉल्वर और मोबाइल लूटने वाले 3 शातिर गिरफ्तार, 100 CCTV कैमरों की मदद से सुलझी गुत्थी

Get real time updates directly on you device, subscribe now.