Muzaffarnagar News: बच्चों से भरी स्कूली वैन में लगी भीषण आग, चालक समेत 5 बच्चे झुलसे
Muzaffarnagar News: उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले के पुरकाजी क्षेत्र में शुक्रवार की सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब नन्हे-मुन्ने बच्चों को लेकर जा रही एक स्कूली वैन धू-धू कर जल उठी। ग्राम समसो के पास हुए इस हादसे में वैन सवार 5 बच्चे और चालक झुलस गए हैं। गनीमत रही कि मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने समय रहते साहस दिखाया और बच्चों को वैन से बाहर निकाला, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
शॉर्ट सर्किट बना आग की वजह
जानकारी के मुताबिक, आशीष इंग्लिश एकेडमी की वैन सुबह बच्चों को लेकर स्कूल की ओर जा रही थी। रास्ते में अचानक वैन से धुएं का गुबार उठने लगा और चंद ही सेकेंड्स में आग ने विकराल रूप ले लिया। वैन के अंदर बैठे बच्चे बुरी तरह घबराकर चिल्लाने लगे। शोर सुनकर आसपास के लोग मदद के लिए दौड़े और जान जोखिम में डालकर बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला।
आग की लपटों की चपेट में आने से पांच बच्चे और वैन चालक मामूली रूप से झुलस गए। घटना की सूचना मिलते ही पुरकाजी थाना पुलिस मौके पर पहुँची और स्थानीय लोगों की मदद से आग पर काबू पाया। घायल बच्चों को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहाँ डॉक्टरों ने राहत की बात कहते हुए बताया कि सभी की हालत अब खतरे से बाहर है। स्कूल प्रबंधन ने भी इस घटना पर दुख जताया है और पीड़ित परिवारों को हर संभव मदद का भरोसा दिया है।
पुलिस ने जली हुई वैन को कब्जे में लेकर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। प्राथमिक जांच में आग लगने का कारण वैन में हुआ शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। परिवहन और अग्निशमन विभाग के साथ मिलकर हादसे के सटीक कारणों का पता लगाया जा रहा है। प्रशासन ने इस घटना को गंभीरता से लेते हुए सभी स्कूल वाहनों की नियमित तकनीकी जांच सुनिश्चित करने के सख्त निर्देश दिए हैं।
Also Read: Sultanpur News: छह साल की मासूम से दरिंदगी की कोशिश, पुलिस मुठभेड़ में आरोपी के पैर में लगी गोली

