Varanasi News: सनकी देवर ने कुल्हाड़ी से काटकर भाभी को उतारा मौत के घाट, पैर काटकर किया अलग
Sandesh Wahak Digital Desk: वाराणसी के मिर्जामुराद थाना क्षेत्र में शनिवार को एक रोंगटे खड़े कर देने वाली वारदात सामने आई है। लच्छापुर गांव में एक कलयुगी देवर ने मामूली विवाद के बाद अपनी ही भाभी की कुल्हाड़ी से वार कर निर्मम हत्या कर दी। हमला इतना वहशी था कि आरोपी ने महिला के पैर को काटकर शरीर से अलग कर दिया। इस घटना के बाद पूरे गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है।
कुल्हाड़ी से किए ताबड़तोड़ वार, पैर काट डाला
जानकारी के अनुसार, लच्छापुर गांव निवासी सुजीत पटेल की पत्नी पूनम पटेल (32 वर्ष) का अपने देवर अजीत पटेल से किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ा कि अजीत ने घर में रखी कुल्हाड़ी उठा ली और पूनम पर हमला बोल दिया। पूनम लहूलुहान होकर दरवाजे पर गिर पड़ी, लेकिन खून सवार आरोपी ने कुल्हाड़ी से वार कर पूनम के दाहिने पैर के निचले हिस्से को काटकर अलग कर दिया। चीख-पुकार सुनकर जब तक ग्रामीण मौके पर पहुंचे, पूनम दम तोड़ चुकी थी।

‘भाभी की बहन से शादी की जिद’
गांव में चर्चा है कि आरोपी देवर अपनी भाभी की छोटी बहन (साली) से शादी करने की जिद पर अड़ा था। भाभी पूनम इस रिश्ते के खिलाफ थी और लगातार बाधा बन रही थी। इसी बात से नाराज होकर अजीत ने इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया। हालांकि, पुलिस अन्य पहलुओं पर भी जांच कर रही है।
मृतक पूनम का एक 6 साल का बेटा हर्ष है। पति सुजीत पटेल, जो रेलवे में ग्रुप डी कर्मचारी हैं, घटना की सूचना मिलते ही बदहवास होकर मौके पर पहुंचे और अचेत होकर गिर पड़े। वहीं, सूचना मिलते ही मृतका के मायके (अमनी गांव) से भी लोग पहुंच गए, जिससे मौके पर कोहराम मच गया।
पुलिस की कार्रवाई और फॉरेंसिक जांच
सूचना मिलते ही एसीपी राजातालाब अजय श्रीवास्तव और थाना प्रभारी प्रमोद कुमार पांडेय भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी देवर अजीत पटेल को गिरफ्तार कर लिया है। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
Also Read: Shahjahanpur News: सरकारी आवास के बाथरूम में मिला दरोगा का शव, ड्यूटी पर न पहुंचने पर खुला राज

