ओपी राजभर का बड़ा दावा, पूरी सपा बीजेपी में शामिल होने को तैयार
Lucknow News: उत्तर प्रदेश सरकार में पंचायती राज मंत्री और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर ने एक बार फिर अपने बयानों से राज्य का सियासी तापमान बढ़ा दिया है। राजभर ने दावा किया है कि समाजवादी पार्टी में बहुत जल्द एक ऐतिहासिक और बड़ी टूट होने वाली है। उन्होंने कहा कि सपा के वरिष्ठ नेता रामगोपाल यादव ने देश के केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात कर उन्हें एक गोपनीय पत्र सौंपा है, जिसमें सपा के कई सांसदों और नेताओं के पाला बदलने की रूपरेखा तैयार की गई है।
खनन और रिवर फ्रंट घोटाले की जांच से परेशान है सपा
कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने विपक्ष पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश का बच्चा-बच्चा जानता है कि राज्य में हुए चर्चित खनन घोटाले और गोमती रिवर फ्रंट घोटाले का असली मास्टरमाइंड कौन है। केंद्रीय जांच एजेंसियों (CBI और ED) का शिकंजा जैसे-जैसे कसता जा रहा है, समाजवादी पार्टी के शीर्ष नेतृत्व की बेचैनी बढ़ती जा रही है। राजभर के मुताबिक, अपनी राजनीतिक जमीन और खुद को बचाने के लिए समूची समाजवादी पार्टी भारतीय जनता पार्टी (BJP) का दामन थामने को आतुर है।
अपने चिरपरिचित अंदाज में सीना ठोककर दावा करते हुए राजभर ने कहा, उत्तर प्रदेश में 100 फीसदी समाजवादी पार्टी टूटने जा रही है। रामगोपाल यादव ने बकायदा एक सूची तैयार की है और गृह मंत्री अमित शाह को पत्र दिया है। मैंने खुद दोनों नेताओं की मुलाकात और उनके चेहरों की मुस्कुराहट देखी है। जब दो दिलों की मुलाकात होती है, तो जुबान भले ही चुप रहे, लेकिन बात आगे बढ़ती है।
राजभर ने पत्र के हवाले से कहा कि विपक्ष के नेता अपनी राजनीतिक जान बचाने के लिए परेशान हैं। पत्र में लिखा गया है कि वे बीजेपी के साथ आने को तैयार हैं। उन्होंने सस्पेंस बरकरार रखते हुए कहा कि अगर वह अभी ही उन सांसदों और विधायकों के नामों का खुलासा कर देंगे, तो पूरी रणनीति खराब हो जाएगी, इसलिए कुछ दिन इंतजार करना होगा।
समाजवादी पार्टी में बड़ी टूट होगी। राम गोपाल यादव ने केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह जी को चिट्ठी सौंपी है।
खनन घोटाला और गोमती रिवर फ्रंट घोटाला का मास्टरमाइंड कौन है, पूरा उत्तर प्रदेश जानता है। शिकंजा कस रहा है तो सपा परेशान है।
महाराष्ट्र बंगाल छोड़िए, समूची सपा, भाजपा में…
— Om Prakash Rajbhar (@oprajbhar) June 17, 2026
महाराष्ट्र और पश्चिम बंगाल में भी टूट का किया दावा
राजभर ने उत्तर प्रदेश के साथ-साथ राष्ट्रीय राजनीति को लेकर भी बड़े दावे किए। उन्होंने कहा कि केवल उत्तर प्रदेश ही नहीं, बल्कि पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस (TMC) के करीब 20 सांसद बगावत का बिगुल फूंक चुके हैं। वहीं, महाराष्ट्र में शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे गुट) के 9 में से 6 सांसदों के टूटने के कयास लगाए जा रहे हैं।
सुभासपा प्रमुख ने आगे कहा कि विपक्षी नेताओं को यह अच्छी तरह समझ आ गया है कि अगर भविष्य में राजनीति करनी है और घोटालों की जांच से बचना है, तो भाजपा के साथ आना ही होगा। रामगोपाल यादव की रणनीति पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि वे चाहते हैं कि उनके परिवार पर कोई आंच न आए, सांसद भले ही चले जाएं, क्योंकि विधायक-सांसद तो बाद में भी नए बना लिए जाएंगे, लेकिन पहले खुद को बचाना जरूरी है। इसके साथ ही उन्होंने अयोध्या मामले और पिछड़ों के हक को लेकर भी विपक्षी नेताओं पर जमकर निशाना साधा।
Also Read: बांग्लादेश में राम की मूर्ति बनाने पर हुआ विवाद, धमकियों के बाद रोका गया काम

