सिद्धार्थ विश्वविद्यालय में गूंजा नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत का संकल्प
Siddharthnagar News: उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थनगर स्थित सिद्धार्थ विश्वविद्यालय, कपिलवस्तु में रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के महत्वाकांक्षी राष्ट्रीय अभियान नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत के शुभारंभ का सीधा प्रसारण दिखाया गया। इस वर्चुअल कार्यक्रम में विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. कविता शाह, प्रशासनिक अधिकारी, शिक्षक और सैकड़ों की संख्या में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया और देश को नशामुक्त बनाने की प्रतिज्ञा ली।
100 हफ्तों तक चलेगा राष्ट्रव्यापी अभियान
अपने वर्चुअल संबोधन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2047 तक ड्रग-फ्री इंडिया के निर्माण को एक व्यापक जन-आंदोलन बनाने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने देश की युवा शक्ति से अपील की कि वे नशे से दूर रहकर अपनी ऊर्जा और रचनात्मकता को राष्ट्र निर्माण में लगाएं। प्रधानमंत्री ने घोषणा की कि इस लक्ष्य को पाने के लिए देशभर में 100 सप्ताह का जन-जागरूकता अभियान चलाया जाएगा, जिसके तहत खेलकूद, वॉकथॉन, नुक्कड़ नाटक और जन-भागीदारी से जुड़े विविध कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

नशामुक्ति हर नागरिक और संस्थान की साझा जिम्मेदारी: कुलपति
सजीव प्रसारण के उपरांत कुलपति प्रो. कविता शाह ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि एक स्वस्थ, जागरूक और चरित्रवान युवा पीढ़ी ही विकसित भारत की असली पहचान है। उन्होंने स्पष्ट किया कि नशा उन्मूलन केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि इसमें परिवार, समाज और शैक्षणिक संस्थानों को भी अपनी भूमिका निभानी होगी। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि वे खुद नशे से दूर रहें और समाज में इसके खिलाफ अलख जगाएं।

विश्वविद्यालय परिवार ने ली नशामुक्ति की शपथ
कार्यक्रम के दौरान कुलपति ने परिसर में उपस्थित सभी शिक्षकों, कर्मचारियों और विद्यार्थियों को नशामुक्ति की सामूहिक शपथ दिलाई। इस मौके पर कुलसचिव डॉ. अश्विनी कुमार, कला संकाय की अधिष्ठाता प्रो. नीता यादव, विज्ञान संकाय की अधिष्ठाता प्रो. प्रकृति राय, वाणिज्य संकाय के अधिष्ठाता प्रो. सौरभ, शैक्षणिक अधिष्ठाता प्रो. जितेंद्र सिंह समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। पूरे विश्वविद्यालय परिवार ने इस राष्ट्रीय मुहिम को सफल बनाने के लिए जागरूकता अभियानों में सक्रिय योगदान देने का संकल्प लिया।
रिपोर्ट- जाकिर खान
Also Read: Bareilly News: दस किलो से अधिक अवैध डोडा छिलका के साथ नशा तस्कर गिरफ्तार

