असम में पीएम मोदी बोले- दिल्ली का शाही परिवार लगाएगा हार का शतक, एनडीए की हैट्रिक तय

Sandesh Wahak Digital Desk: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को असम के बरपेटा में एक विशाल चुनावी रैली को संबोधित करते हुए कांग्रेस और गांधी परिवार पर अब तक का सबसे तीखा हमला बोला। भाजपा के स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित इस रैली में पीएम मोदी ने पूर्वोत्तर में शांति और विकास का रिपोर्ट कार्ड पेश करते हुए दावा किया कि इस बार विपक्ष की हार ऐतिहासिक होगी।

“शाही परिवार” पर सीधा निशाना

रैली में मौजूद भारी भीड़ को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा “असम की जनता इस बार दो बड़े फैसले लेने जा रही है। पहला, राज्य में भाजपा-एनडीए सरकार की हैट्रिक सुनिश्चित है। दूसरा, दिल्ली में बैठा ‘शाही परिवार’ इस बार अपनी हार का शतक लगाएगा।”

पीएम ने कांग्रेस पर प्रहार करते हुए कहा कि उनकी राजनीति अल्पकालिक और भ्रष्टाचार आधारित रही है, जबकि भाजपा पिछले 10 वर्षों से असम में स्थिरता और समृद्धि के दीर्घकालिक लक्ष्यों पर काम कर रही है।

महिला आरक्षण विधेयक पर विशेष अपील

प्रधानमंत्री ने महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक बड़ा कदम उठाते हुए 16 अप्रैल से शुरू हो रहे संसद के विशेष सत्र का जिक्र किया। मोदी ने सभी राजनीतिक दलों से अपील की कि महिला आरक्षण विधेयक को सर्वसम्मति से पारित किया जाए।

उन्होंने दक्षिण भारत और पूर्वोत्तर के राज्यों को आश्वस्त किया कि जनसंख्या नियंत्रण वाले क्षेत्रों में प्रतिनिधित्व कम नहीं होगा। सरकार अतिरिक्त सीटों की व्यवस्था कर रही है ताकि किसी भी राज्य का अहित न हो। पीएम ने असम की महिलाओं से आह्वान किया कि वे विपक्षी नेताओं पर इस कानून को पास कराने के लिए दबाव बनाएं।

भाजपा स्थापना दिवस की बधाई

बरपेटा की रैली में पीएम मोदी ने भाजपा कार्यकर्ताओं को स्थापना दिवस की बधाई देते हुए ‘राष्ट्र प्रथम’ के मंत्र को दोहराया। उन्होंने कहा कि बरपेटा में उमड़ा यह जनसमूह खुद में एक नया रिकॉर्ड है, जो आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को मजबूती दे रहा है।

 

Also Read: Lucknow News: नगर निगम मुख्यालय पर सपा का हल्लाबोल, विधायक रविदास मेहरोत्रा और पार्षदों ने घेरा दफ्तर

Get real time updates directly on you device, subscribe now.