IIT दिल्ली दीक्षांत में छात्रों से बोले PM मोदी, कहा- जो सीखते हैं वही जीतते हैं

PM Modi IIT Delhi: नीट पेपर लीक के खिलाफ पिछले महीने दिल्ली के जंतर-मंतर पर हुए कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) और छात्रों के प्रदर्शन के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को पहली बार छात्रों के बीच एक बड़े सार्वजनिक कार्यक्रम में पहुंचे। उन्होंने IIT दिल्ली के 57वें दीक्षांत समारोह को संबोधित किया। समारोह में 587 पीएचडी शोधार्थियों समेत 3000 से अधिक छात्रों को डिग्रियां प्रदान की गईं।

पीएम मोदी ने छात्रों से लगातार सीखते रहने और अपनी जिज्ञासा बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि दुनिया और तकनीक तेजी से बदल रही है। ऐसे समय में वही लोग आगे बढ़ेंगे, जो नई चीजें सीखने के लिए हमेशा तैयार रहेंगे। उनके मुताबिक नई परिस्थितियों में समाधान खोजने का साहस रखने वाले लोग मुश्किलों को अवसर में बदल सकते हैं।

अगले 30-35 साल देश के लिए अहम

प्रधानमंत्री ने कहा कि दुनिया में शक्ति का संतुलन लगातार बदल रहा है और इसके पीछे तकनीक की तेज रफ्तार बड़ी वजह है। भारत भी हर क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। इससे युवाओं के लिए नए अवसर तैयार हो रहे हैं।

उन्होंने छात्रों से कहा कि उनके जीवन के अगले 30 से 35 साल देश की दिशा को प्रभावित करेंगे। इसलिए उन्हें अपने हर बड़े फैसले में यह भी सोचना चाहिए कि उससे देश को क्या लाभ होगा और वह राष्ट्रीय जरूरतों में कैसे मदद करेगा।

AI से सेमीकंडक्टर तक भारत की तैयारी

मोदी ने IIT दिल्ली में शुरू की गई आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस से जुड़ी नई पहलों का जिक्र किया। उन्होंने सेमीकंडक्टर क्षेत्र में भारत की प्रगति भी बताई। प्रधानमंत्री ने कहा कि जब सरकार ने इस क्षेत्र में काम शुरू किया था, तब कई लोगों ने सवाल उठाए थे। अब देश की पहली सेमीकंडक्टर यूनिट में उत्पादन शुरू हो चुका है। उन्होंने भरोसा जताया कि भविष्य में चिप से लेकर पोत तक भारत में बनाए जाएंगे।

 

Also Read: 13 साल से कम उम्र के बच्चों पर सोशल मीडिया की पाबंदी, संसद में बिल लाने की तैयारी 

Get real time updates directly on you device, subscribe now.