Lucknow News: ‘चंदा चोरों गद्दी छोड़ो’ के नारों के साथ सड़क पर उतरे आप कार्यकर्ता
Recover your password.
A password will be e-mailed to you.
Trending
Lucknow News: भगवान श्रीराम मंदिर के लिए श्रद्धालुओं द्वारा दिए गए दान और चढ़ावे में कथित भ्रष्टाचार के आरोपों को लेकर आम आदमी पार्टी (आप) ने रविवार को प्रदेशभर में विरोध प्रदर्शन किया।
पार्टी के उत्तर प्रदेश प्रभारी एवं राज्यसभा सांसद संजय सिंह के आह्वान पर जिला मुख्यालयों और प्रमुख चौराहों पर भिक्षाटन कार्यक्रम आयोजित किए गए।
राजधानी लखनऊ में स्वास्थ्य भवन चौराहे पर पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने हाथों में कटोरे और तख्तियां लेकर प्रदर्शन किया।
इस दौरान ‘चंदा चोरों गद्दी छोड़ो’, ‘राम भक्तों का अपमान नहीं सहेगा हिंदुस्तान’ और ‘श्रीराम के नाम पर भ्रष्टाचार बंद करो’ जैसे नारे लगाए गए। प्रदर्शनकारियों ने प्रतीकात्मक रूप से ₹420 की डिमांड ड्राफ्ट (डीडी) बनाकर राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय को भेजने की घोषणा की।
प्रदर्शन को संबोधित करते हुए पार्टी के ऑटो विंग के प्रदेश अध्यक्ष प्रीतपाल सिंह सलूजा ने आरोप लगाया कि राम मंदिर निर्माण के नाम पर जुटाए गए चंदे में बड़े पैमाने पर अनियमितताएं हुई हैं।
उन्होंने कहा कि इस मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जानी चाहिए। उनके अनुसार, कथित गड़बड़ियां करोड़ों राम भक्तों की भावनाओं के साथ विश्वासघात हैं।
जिला महासचिव ज्ञान सिंह कुशवाहा ने कहा कि संजय सिंह ने हाल ही में राम मंदिर चंदे और तीर्थ क्षेत्र के आसपास भूमि खरीद-फरोख्त में कथित भ्रष्टाचार से जुड़े दस्तावेज सार्वजनिक किए हैं।
उन्होंने सवाल उठाया कि मामले की जांच अब तक क्यों नहीं कराई गई। कुशवाहा ने सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में समयबद्ध जांच कराने और दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की।
प्रदर्शन में अब्दुर्रहमान खान, सुधीर पटेल, बलराम साहनी, पी.के. बाजपेयी, वसीम सिद्दीकी, अनुराग मल्होत्रा, डॉ. फ़व्वाज़ खान, डॉ. रामजी यादव और संजीव निगम सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
Get real time updates directly on you device, subscribe now.