पीएम मोदी का तीखा हमला, बोले- झालमुड़ी मैंने खाई, झाल टीएमसी को लगी, 4 मई को मनाएंगे विजयोत्सव

Sandesh Wahak Digital Desk: पश्चिम बंगाल में जहां एक तरफ पहले चरण के तहत 152 सीटों पर मतदान जारी है, वहीं दूसरे चरण की 142 सीटों के लिए प्रचार अभियान जारी है। इसी कड़ी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कृष्णानगर में एक जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने चुटकी लेते हुए कहा, झालमुड़ी मैंने खाई है लेकिन झाल (मिर्ची) टीएमसी को लगी है। उन्होंने कहा कि 4 मई को बंगाल में भाजपा-एनडीए की जीत का जश्न मनाया जाएगा, मिठाई बांटी जाएगी और झालमुड़ी भी बांटी जाएगी।

प्रधानमंत्री ने दावा किया कि पिछले 50 वर्षों में यह पहला चुनाव है, जिसमें सबसे कम हिंसा हुई है। उन्होंने कहा कि पहले हर हफ्ते हिंसा की घटनाएं होती थीं और उन्हें आत्महत्या का नाम दे दिया जाता था। पीएम ने चुनाव आयोग की जमकर सराहना करते हुए कहा कि आयोग ने एक बार फिर बंगाल की धरती पर लोकतंत्र की प्रतिष्ठा स्थापित की है और शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित किया है। साथ ही, उन्होंने सरकारी कर्मचारियों की भी तारीफ की, जो इस बार जिम्मेदारी के साथ अपनी भूमिका निभा रहे हैं।

बंगाल की जनता खुद लड़ रही ये चुनाव

पीएम मोदी ने कहा कि अब तक की जानकारी के अनुसार मतदान पुराने सभी रिकॉर्ड तोड़ रहा है। कृष्णानगर में भय पर भरोसे की जीत का माहौल दिखाई दे रहा है। उन्होंने कहा, भय खत्म हो रहा है और भरोसा आगे बढ़ रहा है। जिन लोगों की आवाज सालों से दबाई गई थी, वे अब खुलकर बोल रहे हैं। उन्होंने साफ कहा कि यह चुनाव न तो मोदी लड़ रहा है और न ही भाजपा के कार्यकर्ता, बल्कि यह चुनाव बंगाल की जनता खुद लड़ रही है।

15 साल पहले लाल सलाम, अब जंगलराज

पीएम मोदी ने आरोप लगाया कि 15 साल पहले जनता ने वामपंथ के खिलाफ आवाज उठाई थी और अब वही जनता तृणमूल कांग्रेस के कथित जंगलराज के खिलाफ खड़ी है। उन्होंने कहा कि जहां-जहां ज्यादा मतदान हुआ है, वहां भाजपा को मजबूत समर्थन मिला है, जैसा कि पुडुचेरी और असम में देखा गया। उन्होंने विश्वास जताया कि बंगाल में भी भाजपा की जीत तय है।

TMC पर आर्थिक मोर्चे पर हमला

टीएमसी सरकार पर हमला बोलते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि पार्टी ने 10 लाख एमएसएमई और हजारों उद्योग लगाने का वादा किया था, लेकिन हकीकत में कई फैक्ट्रियां बंद हो गईं और जूट मिलें भी बंद पड़ी हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि अस्पतालों को लेकर भी समस्याएं बनी हुई हैं और यहां तक कि एम्स कल्याणी के निर्माण में भी बाधाएं डाली गईं, लेकिन भाजपा ने उसे पूरा कराया।

पीएम मोदी ने आरोप लगाया कि टीएमसी घुसपैठियों को बढ़ावा देती है और उन्हें संरक्षण देती है, जबकि भाजपा ‘सबका साथ, सबका विकास’ के सिद्धांत पर काम करती है। उन्होंने मातुआ और नामशूद्र समुदाय के लोगों को भरोसा दिलाया कि उन्हें डरने की जरूरत नहीं है, कोई भी उन्हें नुकसान नहीं पहुंचा पाएगा। साथ ही उन्होंने नागरिकता संशोधन कानून (सीएए) का जिक्र करते हुए कहा कि सरकार बनने के बाद नागरिकता देने की प्रक्रिया को और तेज किया जाएगा।

4 मई को सुशासन की नई शुरुआत

प्रधानमंत्री ने कहा कि बंगाल का हर वर्ग– किसान, सरकारी कर्मचारी, डॉक्टर, वकील, शिक्षक, दुकानदार, रिक्शा और टैक्सी चालक सभी भयमुक्त वातावरण और बेहतर व्यवस्था के लिए वोट कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि पुलिस भी अब गुंडों के दबाव से मुक्त होकर जनता की सेवा के लिए वोट डालने वालों की मदद कर रही है। 4 मई के बाद पश्चिम बंगाल में सुशासन की नई शुरुआत होगी। पीएम मोदी ने यह भी कहा कि महिलाओं को आरक्षण देने वाले अधिनियम को टीएमसी ने पास नहीं होने दिया।

Also Read: Lucknow News: विकास नगर अग्निकांड पर हाईकोर्ट का कड़ा रुख, सरकारी जमीन पर कब्जे का मांगा हिसाब

Get real time updates directly on you device, subscribe now.