Pratapgarh News: 50 हजार की रिश्वत लेते BPM रंगे हाथ गिरफ्तार, विजिलेंस टीम की बड़ी कार्रवाई से हड़कंप
Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश सतर्कता अधिष्ठान (विजिलेंस), प्रयागराज सेक्टर की टीम ने भ्रष्टाचार के खिलाफ एक बड़ी सफलता हासिल की है। सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र (CHC) बाघराय में तैनात ब्लॉक कार्यक्रम प्रबंधक (BPM) अमित मिश्रा को 50,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया है। इस कार्रवाई के बाद से जिले के स्वास्थ्य महकमे में हड़कंप मचा हुआ है।
1.50 लाख में तय हुआ था ‘नौकरी का सौदा’
घटना का खुलासा तब हुआ जब एक शिकायतकर्ता ने 6 अप्रैल 2026 को सतर्कता अधिष्ठान के पुलिस अधीक्षक से संपर्क किया। शिकायत में आरोप लगाया गया कि पीएचसी हरदो पट्टी में स्वीपर पद पर भर्ती कराने के नाम पर बीपीएम अमित मिश्रा ने 1,50,000 रुपये की मांग की थी। आरोपी ने काम शुरू करने के बदले पहली किस्त के रूप में 50,000 रुपये तुरंत देने का दबाव बनाया था।
विजिलेंस का ‘ट्रैप’ और गिरफ्तारी
शिकायत की गोपनीय जांच में आरोप सही पाए जाने पर सतर्कता टीम ने जाल बिछाया। बुधवार, 08 अप्रैल को निरीक्षक नन्हे राम सरोज के नेतृत्व में टीम ने सीएचसी बाघराय में छापा मारा। जैसे ही शिकायतकर्ता ने आरोपी अमित मिश्रा को रिश्वत के पैसे थमाए, टीम ने उसे रंगे हाथ दबोच लिया।
गिरफ्तार अभियुक्त का विवरण
नाम: अमित कुमार मिश्रा
पद: ब्लॉक कार्यक्रम प्रबंधक (BPM), CHC बाघराय
निवासी: करैटी रोड समापुर, थाना कुंडा, प्रतापगढ़
विधिक कार्रवाई और अपील
सतर्कता अधिष्ठान प्रयागराज सेक्टर में आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया है। विजिलेंस के पुलिस अधीक्षक ने जनता से अपील की है कि यदि कोई भी सरकारी कर्मचारी रिश्वत मांगे, तो तत्काल हेल्पलाइन नंबर 9454404859 या 9454401866 पर सूचना दें।
रिपोर्ट: विनोद मिश्रा
Also Read: सिद्धार्थनगर में धर्मांतरण का ‘संगठित खेल’! पूर्व मंत्री सतीश द्विवेदी का बड़ा खुलासा

