सिद्धार्थनगर में धर्मांतरण का ‘संगठित खेल’! पूर्व मंत्री सतीश द्विवेदी का बड़ा खुलासा

Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थनगर जनपद के इटवा विधानसभा क्षेत्र में संगठित तरीके से धर्मांतरण कराने का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। भाजपा नेता एवं पूर्व बेसिक शिक्षा मंत्री सतीश द्विवेदी ने आज प्रेस वार्ता कर आरोप लगाया कि मिश्रौलिया थाना क्षेत्र के धोबही गांव में वर्षों से गरीब हिंदू परिवारों को धन का लालच देकर उनका धर्म परिवर्तन कराया जा रहा है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने मुकदमा पंजीकृत कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

रामप्रसाद उर्फ ‘टकालू’ के धर्मांतरण से मचा हड़कंप

पूर्व मंत्री सतीश द्विवेदी ने प्रेस वार्ता में पीड़ित ओमप्रकाश और बाबूलाल विश्वकर्मा को मीडिया के सामने पेश किया। उन्होंने दावा किया कि इन दोनों भाइयों का तीसरा भाई रामप्रसाद उर्फ टकालू अपनी दो बेटियों के साथ इस्लाम धर्म कबूल कर चुका है। वह न केवल नमाज पढ़ रहा है, बल्कि इस रमजान में रोजे भी रख रहा था। इसके अलावा गांव के मौलवी गुलाम हुसैन, पूर्व प्रधान हदीसउल्लाह और फारूक पर रामप्रसाद को मोटी रकम का लालच देकर धर्मांतरण कराने का आरोप है।

पीड़ितों का कहना है कि जब उन्होंने विरोध किया, तो आरोपियों ने उन्हें भी धर्म परिवर्तन करने के बदले भारी पैसा देने का प्रलोभन दिया।

सिद्धार्थनगर में धर्मांतरण का 'संगठित खेल'! पूर्व मंत्री सतीश द्विवेदी का बड़ा खुलासा

“अल्पसंख्यक बाहुल्य गांव में डरे हुए हैं हिंदू”

सतीश द्विवेदी ने कहा कि धोबही गांव अल्पसंख्यक बाहुल्य है, जहाँ हिंदू परिवार नाममात्र के हैं। डर के कारण कोई खुलकर सामने नहीं आता था। उन्होंने खुद गांव जाकर पीड़ित परिवारों को सुरक्षा का भरोसा दिलाया और पुलिस कप्तान से मिलकर आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की है। कप्तान ने उन्हें भरोसा दिलाया है कि आरोपी फरार हैं और पुलिस की टीमें दबिश दे रही हैं।

नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडेय पर भी निशाना

सतीश द्विवेदी ने इस मामले में राजनीति होने का भी आरोप लगाया। उन्होंने इटवा से सपा विधायक और नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडेय को घेरते हुए कहा कि वे आरोपियों का बचाव कर रहे हैं। “माता प्रसाद पांडेय ने रामप्रसाद से मिलकर उसे यह बयान देने के लिए तैयार किया कि यह केवल संपत्ति के बंटवारे का विवाद है। वे इस गंभीर मामले को दबाना चाहते हैं।”

सिद्धार्थनगर में धर्मांतरण का 'संगठित खेल'! पूर्व मंत्री सतीश द्विवेदी का बड़ा खुलासा

15 वर्षों से चल रहा है खेल?

रामप्रसाद के भतीजे ने मीडिया को बताया कि गांव में यह गतिविधि करीब 15 वर्षों से सक्रिय है। दो वर्ष पूर्व उसके चाचा का धर्मांतरण कराया गया था। अब जब मामला थाने पहुंचा, तो गांव के रसूखदार लोग पीड़ित परिवार पर चुप रहने और खुद धर्म बदलने का दबाव बना रहे हैं।

रिपोर्ट: जाकिर खान

 

Also Read: Siddharthnagar News: दहेज की बलि चढ़ी विवाहिता! पिता ने कहा- एक लाख रुपये के लिए कर दी बेटी की हत्या

Get real time updates directly on you device, subscribe now.