पेपर लीक विवाद पर सरकार को घेरने गांधी स्मृति पहुंचे राहुल गांधी, साथ दिखा पूरा INDIA ब्लॉक
INDIA Alliance Protest: पेपर लीक और छात्र आंदोलन को लेकर जारी सियासी घमासान के बीच कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी गुरुवार शाम INDIA ब्लॉक के नेताओं के साथ गांधी स्मृति पहुंचे। इस दौरान उनके हाथ में संविधान की प्रति थी और उनके साथ कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा समेत कई विपक्षी दलों के सांसद मौजूद रहे।
गांधी स्मृति पहुंचकर राहुल गांधी ने कहा कि “हमारे नेता महात्मा गांधी की हत्या यहीं हुई थी। आज मोदी सरकार देश में लोकतंत्र की हत्या कर रही है। छात्रों पर अत्याचार हो रहा है, उन्हें पीटा जा रहा है। हम छात्रों के साथ हैं और उन्हें न्याय दिलाने के लिए आवाज उठाते रहेंगे।” उन्होंने यह भी कहा कि केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को हटाया जाना चाहिए और उन्हें छात्रों से माफी मांगनी चाहिए।
राहुल गांधी के घर हुई INDIA ब्लॉक की अहम बैठक
गांधी स्मृति जाने से पहले राहुल गांधी के आवास पर INDIA गठबंधन के नेताओं की बैठक हुई। बैठक में संसद और सड़क दोनों जगह सरकार को घेरने की रणनीति पर चर्चा की गई। मुख्य मुद्दे पेपर लीक, छात्र आंदोलन और प्रदर्शनकारियों पर हुई पुलिस कार्रवाई रहे।
बैठक में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, सोनिया गांधी, आरजेडी की मीसा भारती, संजय यादव, एनसीपी (शरद पवार गुट) की सुप्रिया सुले, शिवसेना (UBT) के अरविंद सावंत, टीएमसी की महुआ मोइत्रा, सीपीएम के जॉन ब्रिटास, सीपीआई के पी. संतोष कुमार, समाजवादी पार्टी के रामजी लाल सुमन समेत कई नेता शामिल हुए।
दिल्ली में सुरक्षा बढ़ी, कई रास्तों पर निगरानी
राहुल गांधी के आवास और गांधी स्मृति के आसपास सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई। अतिरिक्त पुलिस बल और RAF (रैपिड एक्शन फोर्स) की तैनाती की गई, जबकि कई रास्तों पर भी निगरानी बढ़ा दी गई।
सूत्रों के मुताबिक, राहुल गांधी और विपक्षी सांसद बसों से गांधी स्मृति पहुंचे। वहीं, समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव एक पार्टी नेता के निधन के कारण इस कार्यक्रम में शामिल नहीं हो सके।
जंतर-मंतर पर आंदोलन जारी
उधर, जंतर-मंतर पर छात्र आंदोलन और प्रदर्शन जारी है। प्रदर्शन का नेतृत्व कर रही CJP ने सरकार की ओर से केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा के आवास या कार्यालय में बातचीत के प्रस्ताव को ठुकरा दिया। संगठन का कहना है कि बातचीत किसी तटस्थ स्थान पर होनी चाहिए। साथ ही, 24 जुलाई को देशव्यापी आंदोलन का भी ऐलान किया गया है।
Also Read: शिक्षा मंत्री के इस्तीफे तक जारी रहेगी लड़ाई, NEET पेपर लीक पर अखिलेश यादव का हमला

