सपा में टूट के दावे पर घिरे राजभर, अखिलेश बोले- एडवांस लेने वाले अब इन्हें ढूंढ़ रहे
UP Politics: उत्तर प्रदेश की राजनीति में इन दिनों बयानबाजी का दौर तेज है। योगी सरकार में कैबिनेट मंत्री और सुभासपा अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर के समाजवादी पार्टी (सपा) में बड़ी टूट के दावे के बाद सियासी माहौल गरमा गया है। अब सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने उन पर तीखा पलटवार किया है।
अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर कहा कि पहले टिकट के नाम पर एडवांस देने वाले लोग राजभर को ढूंढ़ रहे थे, लेकिन अब अधिकारी और ठेकेदार भी उनकी तलाश कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि ट्रांसफर-पोस्टिंग और कॉन्ट्रैक्ट दिलाने के नाम पर भी एडवांस वसूला गया है। अखिलेश ने तंज कसते हुए कहा कि जिस पैसे के दम पर बड़े-बड़े दावे किए जा रहे थे, अब वही उनके खिलाफ पंचायत बैठा रहा है।
सपा में टूट के दावे से शुरू हुआ विवाद
दरअसल, ओम प्रकाश राजभर ने बुधवार को दावा किया था कि समाजवादी पार्टी में बड़ी टूट होने वाली है। उन्होंने कहा कि सपा महासचिव प्रो. राम गोपाल यादव ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को चिट्ठी सौंपी है। राजभर ने यह भी आरोप लगाया कि खनन घोटाले और गोमती रिवर फ्रंट घोटाले को लेकर सपा पर शिकंजा कस रहा है।
बता दें कि राजभर के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि पहले भी सपा के विधायक और सांसद तोड़े गए थे, लेकिन जो डर जाएगा वही जाएगा। उन्होंने दावा किया कि कई भाजपा नेता भी पाला बदलने की तैयारी में हैं। वहीं, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने भी दावा किया कि सपा के 25-26 सांसद टूटने को तैयार हैं।

