Rampur News: भाजपा विधायक के पति की दबंगई, मजदूरों को दौड़ा-दौड़ा कर पीटा, FIR दर्ज
Sandesh Wahak Digital Desk: प्रदेश के रामपुर जिले में भाजपा विधायक के पति द्वारा दंबगई किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़ित पक्ष ने आरोप लगाया कि पुलिस ने मामले में सुनवाई नहीं की, जिसके बाद कोर्ट का दरवाजा खटखटाना पड़ा। कोर्ट के आदेश के बाद पुलिस ने पीड़ित पक्ष की एफआईआर दर्ज की है।
दरअसल मिलक-शाहबाद विधानसभा सीट से भाजपा विधायक राजबाला के पति दिलीप सिंह लोधी पर राजस्थान से आए मजदूरों और ठेकेदार के साथ मारपीट करने और उनका बकाया पैसा हड़पने का गंभीर आरोप लगा है।
भरतपुर (राजस्थान) के ठेकेदार रविंद्र सिंह के अनुसार, वह 15 मजदूरों के साथ विधायक राजबाला के पति के अजीतपुर स्थित होटल पर ग्रेनाइट पत्थर लगाने का काम कर रहे थे। ₹35 प्रति स्क्वायर फीट के हिसाब से काम तय हुआ था। 9 दिन काम करने के बाद जब करीब ₹1 लाख की मजदूरी मांगी गई, तो विधायक पति ने केवल ₹2000 देकर टालमटोल शुरू कर दी। आरोप है कि दोबारा पैसे मांगने पर दिलीप सिंह लोधी भड़क गए और मजदूरों की बेरहमी से पिटाई कर दी।
बोलेरो गाड़ी और बर्तन भी किए कब्जे में, मजदूरों को जान से मारने की धमकी
ठेकेदार रविंद्र का आरोप है कि विधायक पति ने न केवल मजदूरों को भगा दिया, बल्कि उनकी बोलेरो गाड़ी, खाना बनाने के बर्तन और सिलेंडर भी अवैध रूप से अपने कब्जे में ले लिए। मजदूरों को धमकी दी गई कि अगर दोबारा पैसे मांगे तो अंजाम बुरा होगा। बेबस मजदूर और ठेकेदार अपनी जान बचाकर वहां से भागने को मजबूर हुए।
पीड़ित ठेकेदार ने जब देखा कि स्थानीय पुलिस प्रभावशाली विधायक पति के खिलाफ कार्रवाई नहीं कर रही है, तो उन्होंने एससी-एसटी कोर्ट में प्रार्थना पत्र दिया। कोर्ट की सख्ती के बाद अब सिविल लाइंस कोतवाली प्रभारी ओमकार सिंह ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और साक्ष्यों के आधार पर जांच की जा रही है।
Also Read: PM मोदी के काशी दौरे से पहले कांग्रेस का ‘पोस्टर वॉर’, अजय राय बोले- पहले जसोदा बेन को दें सम्मान

