Lucknow वालों के राहत की खबर! 12.5 KM लंबी कुर्सी रोड बनेगी 6 लेन, रोडमैप तैयार

Lucknow News: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में ट्रैफिक जाम से जूझ रहे लाखों लोगों के लिए बड़ी राहत की खबर है। शहर की सबसे व्यस्त सड़कों में शामिल कुर्सी रोड (Lucknow-Mahmoodabad Road) को जल्द ही 4 लेन से 6 लेन किया जाएगा।

लोक निर्माण विभाग (PWD) ने करीब 60 करोड़ रुपये की लागत वाली इस परियोजना का प्रस्ताव शासन को भेज दिया है। मंजूरी मिलते ही निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा।

डंडहिया चौराहे से बेहटा तक बनेगी 6 लेन सड़क

करीब 12.5 किलोमीटर लंबे इस मार्ग पर डंडहिया चौराहे से बेहटा तक सड़क का चौड़ीकरण किया जाएगा। फिलहाल यह सड़क दोनों ओर 7-7 मीटर चौड़ी है, जिसे बढ़ाकर 10.5-10.5 मीटर किया जाएगा। इसके साथ ही दोनों तरफ सर्विस रोड भी विकसित की जाएगी।

Lucknow के कुर्सी रोड पर हर दिन पीक आवर में लंबा जाम लगना आम बात है। खासकर सरगम अपार्टमेंट से डंडहिया चौराहे तक वाहन रेंगते नजर आते हैं। सड़क चौड़ी होने के बाद इस हिस्से में ट्रैफिक का दबाव काफी कम होगा और लोगों का सफर पहले से अधिक आसान और तेज हो जाएगा।

अवैध कब्जों पर भी चलेगा बुलडोजर

PWD अधिकारियों के मुताबिक, सड़क चौड़ीकरण के दौरान सर्विस रोड पर किए गए अवैध कब्जों को भी हटाया जाएगा। वर्तमान में गुडंबा थाना क्षेत्र तक कई जगहों पर रेहड़ी, ठेले और अस्थायी अतिक्रमण के कारण ट्रैफिक प्रभावित होता है। परियोजना के तहत इन सभी बाधाओं को हटाकर सड़क को व्यवस्थित किया जाएगा।

कुर्सी रोड के दोनों ओर पिछले कुछ वर्षों में 50 से अधिक कॉलोनियां, एलडीए और निजी अपार्टमेंट विकसित हो चुके हैं। इसके अलावा नहरिया रोड और बेहटा क्षेत्र से आने-जाने वाले हजारों वाहन भी इसी मार्ग का इस्तेमाल करते हैं। सड़क के छह लेन बनने के बाद करीब 5 लाख लोगों को सीधा लाभ मिलने की उम्मीद है।

शासन की मंजूरी का इंतजार

लोक निर्माण विभाग ने सड़क चौड़ीकरण का पूरा खाका तैयार कर शासन को भेज दिया है। विभाग का कहना है कि मंजूरी मिलते ही निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा। फिलहाल इस मार्ग पर सीवर और पेयजल पाइपलाइन डालने का काम भी चल रहा है, ताकि बाद में सड़क निर्माण में किसी तरह की दिक्कत न आए।

Also Read: लखनऊ हादसे से जागा LDA, अब हर बिल्डिंग मालिक को देना होगा फायर सेफ्टी का हलफनामा

Get real time updates directly on you device, subscribe now.