धर्म का मतलब अब धन हो गया है, अखिलेश यादव ने बीजेपी पर साधा निशाना

Akhilesh Yadav News: उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने राम मंदिर चंदा चोरी विवाद को लेकर राज्य की बीजेपी सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। बुधवार को हुई प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने कहा कि बीजेपी के लिए धर्म का मतलब केवल धन बन गया है। उन्होंने दावा किया कि चुनाव में भी बेईमानी हुई थी और कई जगह सीसीटीवी कैमरे नहीं लगाए गए थे।

अखिलेश यादव ने यह भी कहा कि मंदिर में नोटों की गिनती के दौरान भी सीसीटीवी नहीं थे, जिससे कई सवाल खड़े होते हैं। उन्होंने व्यंग्य करते हुए कहा कि सीसी का राज खुल गया है, यानी चंदा चोरी का मामला सामने आ गया है। इसके साथ ही अखिलेश यादव ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में सरकार पर कई अन्य आरोप भी लगाए। उन्होंने कहा कि सरकार ने लोगों की जमीनों पर कब्जा किया और कई जगहों पर बुलडोजर कार्रवाई की गई।

उन्होंने आरोप लगाया कि एयरपोर्ट परियोजना में जिन किसानों ने जमीन दी, उन्हें बाजार मूल्य नहीं दिया गया। सपा प्रमुख ने कहा कि मौजूदा सरकार में अमीर और अमीर हो रहा है जबकि गरीब और गरीब होता जा रहा है। उन्होंने बढ़ती गैस सिलेंडर कीमतों को लेकर भी सरकार की आलोचना की।

अखिलेश यादव ने चंदा विवाद पर सरकार को घेरा 

अखिलेश यादव ने कहा कि मथुरा जन्मभूमि और अन्य धार्मिक स्थलों पर भी चंदे में गड़बड़ी के सवाल जनता उठा रही है। उन्होंने कहा कि सरकार को इन सभी मामलों का हिसाब देना चाहिए। इसी बीच पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने भी इस मामले पर टिप्पणी करते हुए कहा कि “बिना धुएं के आग नहीं लगती”, जिससे विवाद और बढ़ गया है।

वहीं, राम मंदिर चंदा चोरी मामले की जांच SIT द्वारा लगातार तीसरे दिन भी जारी है। जांच टीम ने ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय और अन्य कर्मचारियों से पूछताछ की है और अब तक 50 से अधिक लोगों के बयान दर्ज किए जा चुके हैं।

दानपात्रों और रिकॉर्ड की गहन जांच में जुटी SIT टीम

SIT टीम मंदिर ट्रस्ट के दानपात्रों, रिकॉर्ड और वित्तीय दस्तावेजों की गहन जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए हर पहलू को बारीकी से देखा जा रहा है। यह मामला लगातार चर्चा में बना हुआ है और आने वाले दिनों में इसमें और बड़े खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।

Get real time updates directly on you device, subscribe now.