राम मंदिर चढ़ावा चोरी पर बृजभूषण शरण सिंह का बड़ा बयान, बोले- धुआं है तो आग है

Ram Mandir News: अयोध्या के राम मंदिर में चढ़ावा चोरी के आरोपों को लेकर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। भारतीय जनता पार्टी के पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने अब इस मामले में खुलकर बयान दिया है। पहले जहां उन्होंने इस मुद्दे पर चुप्पी साधी थी, वहीं अब उन्होंने कहा है कि चंदा चोरी में सच्चाई है, क्योंकि बिना आग के धुआं नहीं उठता। उनके इस बयान के बाद मामला और गंभीर हो गया है।

उन्होंने कहा कि यह विवाद अब सिर्फ ट्रस्ट तक सीमित नहीं है, बल्कि इसकी आंच प्रदेश और केंद्र सरकार तक पहुंच रही है। नवाबगंज स्थित अपने आवास पर मीडिया से बातचीत में बृजभूषण शरण सिंह ने कहा कि राम मंदिर से जुड़े कई राम भक्त और संत सवाल उठा रहे हैं, जिन्हें नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।

उन्होंने कहा कि यदि राम मंदिर आंदोलन से जुड़े लोग ही सवाल उठा रहे हैं, तो सरकार को इस पूरे मामले को गंभीरता से लेना चाहिए। उन्होंने यह भी दावा किया कि इस मामले की सच्चाई जल्द ही जनता के सामने आ जाएगी।

राम मंदिर आंदोलन और अपने अनुभव किए साझा

बृजभूषण ने अपने पुराने दिनों को याद करते हुए कहा कि उनका अयोध्या से गहरा जुड़ाव रहा है। उन्होंने बताया कि वे राम मंदिर आंदोलन का हिस्सा रहे हैं और कारसेवा के दौरान उन्हें गिरफ्तार भी किया गया था। उन्होंने कहा कि उस समय कई नेताओं के साथ उनका जुड़ाव रहा और आंदोलन में कई ऐतिहासिक घटनाएं हुईं।

पूर्व सांसद ने यह भी सवाल उठाया कि लोकसभा चुनाव में अयोध्या में भाजपा क्यों हार गई। उन्होंने कहा कि अयोध्या को “कैदखाना” बना दिया गया था और लोगों की आवाजाही पर कई प्रतिबंध लगाए गए थे। उन्होंने कहा कि बैरिकेडिंग और दीवारों ने स्थिति को और खराब किया, जिससे जनता में नाराजगी बढ़ी।

नृपेंद्र मिश्रा को दी क्लीन चिट

बृजभूषण शरण सिंह ने स्पष्ट किया कि वे राम मंदिर निर्माण समिति के अध्यक्ष नृपेंद्र मिश्रा को पूरी तरह निर्दोष मानते हैं। हालांकि उन्होंने ट्रस्ट पर सवाल उठाते हुए कहा कि इस मामले में जांच होनी चाहिए और सरकार को सख्त कदम उठाने चाहिए। उन्होंने उम्मीद जताई कि जल्द ही सच्चाई सामने आएगी।

Get real time updates directly on you device, subscribe now.