सम्राट चौधरी 24 अप्रैल को सदन में पेश करेंगे विश्वास मत

Sandesh Wahak Digital Desk: बिहार की राजनीति में हुए ऐतिहासिक सत्ता परिवर्तन के बाद अब सबकी नजरें 24 अप्रैल को होने वाले विधानसभा के विशेष सत्र पर टिकी हैं। बिहार में पहली बार भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्व में बनी सरकार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी सदन में विश्वास मत पेश करेंगे। विधानसभा सचिवालय ने इस महत्वपूर्ण सत्र के लिए अधिसूचना जारी कर दी है।

बिहार में एनडीए की सरकार तो पहले भी रही है, लेकिन इस बार का ढांचा बिल्कुल नया है। पहली बार भाजपा कोटे से मुख्यमंत्री और जनता दल यूनाइटेड (Jदयू) कोटे से दो उपमुख्यमंत्री बनाए गए हैं। पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के राज्यसभा के लिए निर्वाचित होने और विधान परिषद से इस्तीफा देने के बाद बिहार में यह बदलाव आया है।

नवंबर 2025 (पिछले साल) में हुए विधानसभा चुनाव में एनडीए ने 202 सीटों के साथ प्रचंड बहुमत हासिल किया था। ऐसे में सदन में बहुमत साबित करना सरकार के लिए मात्र एक औपचारिक प्रक्रिया मानी जा रही है। बिहार विधानसभा के निदेशक राजीव कुमार के हस्ताक्षर से जारी आधिकारिक पत्र के अनुसार 24 अप्रैल को 11 बजे बिहार विधानसभा भवन पटना में विश्वास मत पेश किया जाएगा।

यह पत्र मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्रियों और सभी नवनिर्वाचित विधायकों को भेज दिया गया है। सूत्रों के अनुसार, विश्वास मत हासिल करने के बाद और अन्य राज्यों में चल रहे चुनावों के संपन्न होते ही सम्राट चौधरी सरकार के मंत्रिमंडल का विस्तार किया जाएगा। वर्तमान में सरकार का पूरा ध्यान 24 अप्रैल को अपनी संवैधानिक मजबूती प्रदर्शित करने पर है।

Also Read: अखिलेश यादव को चाय पिलाना दुकानदार को पड़ा भारी? खाद्य विभाग की छापेमारी के बाद दुकान बंद

Get real time updates directly on you device, subscribe now.