CSK ने जहीर खान को बनाया नया हेड कोच, IPL 2027 से पहले बड़ा ऐलान

CSK Head Coach Zaheer Khan: चेन्नई सुपर किंग्स ने आईपीएल 2027 से पहले बड़ा ऐलान किया है। फ्रेंचाइजी ने पूर्व भारतीय तेज गेंदबाज जहीर खान को टीम का नया हेड कोच नियुक्त किया है। जहीर अब स्टीफन फ्लेमिंग की जगह यह जिम्मेदारी संभालेंगे। सीएसके ने सोमवार को इसकी आधिकारिक घोषणा की।

18 साल बाद फ्लेमिंग की जगह जहीर

स्टीफन फ्लेमिंग करीब 18 साल तक चेन्नई सुपर किंग्स के कोच रहे। जुलाई 2026 में उन्होंने फ्रेंचाइजी से अलग होने का फैसला किया। पिछले तीन आईपीएल सीजन में सीएसके प्लेऑफ में जगह नहीं बना सकी थी। इसके बाद फ्लेमिंग ने टीम से अलग होने का निर्णय लिया। वह अब इंग्लैंड टेस्ट टीम के हेड कोच हैं।

फ्लेमिंग के बाद सीएसके के नए कोच को लेकर कई नामों की चर्चा थी। बैटिंग कोच माइकल हसी और इंग्लैंड के पूर्व कप्तान इयोन मॉर्गन का नाम भी सामने आया था। हालांकि, फ्रेंचाइजी ने 47 वर्षीय जहीर खान को यह जिम्मेदारी देकर सभी को चौंका दिया।

पहली बार हेड कोच की भूमिका

जहीर ने भारत के लिए 92 टेस्ट, 200 वनडे और 17 टी20 इंटरनेशनल खेले हैं। उनके नाम कुल 610 इंटरनेशनल विकेट हैं। आईपीएल में उन्होंने तीन टीमों के लिए 100 मैच खेले और 102 विकेट लिए।

2017 में संन्यास के बाद जहीर मुंबई इंडियंस के क्रिकेट ऑपरेशंस डायरेक्टर और बाद में ग्लोबल डेवलपमेंट के हेड रहे। वह लखनऊ सुपर जायंट्स के मेंटोर भी रह चुके हैं। अब वह पहली बार आईपीएल में हेड कोच की भूमिका निभाएंगे।

सीएसके की मालिक रूपा गुरुनाथ ने जहीर का स्वागत करते हुए कहा कि उनके अनुभव और युवा प्रतिभाओं को निखारने की क्षमता से टीम को मजबूती मिलेगी।

Get real time updates directly on you device, subscribe now.