Lucknow News: SGPGI बना देश का अग्रणी रोबोटिक सेंटर, 3 अप्रैल से सजेगा विशेषज्ञों का मंच
Sandesh Wahak Digital Desk: राजधानी का संजय गांधी स्नातकोत्तर आयुर्विज्ञान संस्थान (SGPGI) चिकित्सा जगत में एक बार फिर इतिहास रचने जा रहा है। अत्याधुनिक रोबोटिक तकनीक के जरिए बच्चों के इलाज को सुरक्षित और सटीक बनाने के उद्देश्य से संस्थान 3 से 5 अप्रैल तक “रोबोकॉप्स 2026” (ROBOCOPS 2026) नामक तीन दिवसीय राष्ट्रीय कॉन्क्लेव का आयोजन कर रहा है। यह आयोजन भारत में पीडियाट्रिक (बाल) सर्जरी के भविष्य की नई इबारत लिखेगा।
सर्जरी अब ‘दर्दनाक’ नहीं, ‘सटीक’ होगी
पीडियाट्रिक सर्जरी विभाग के अध्यक्ष डॉ. बसंत कुमार ने बताया कि रोबोटिक तकनीक ने बच्चों के ऑपरेशन की परिभाषा बदल दी है। रोबोटिक आर्म्स के जरिए छोटे-छोटे चीरे लगाकर बेहद जटिल सर्जरी संभव हो रही है। डॉ. अंकुर के अनुसार, इस तकनीक से बच्चों को पोस्ट-ऑपरेटिव दर्द बहुत कम होता है और महज 2 से 3 दिन में अस्पताल से छुट्टी मिल जाती है। कम रक्तस्राव और सटीक टांकों के कारण संक्रमण की गुंजाइश न के बराबर रहती है।

SGPGI की बड़ी उपलब्धि: 200 सफल ऑपरेशन
संस्थान ने वर्ष 2022 में मात्र तीन महीने के शिशु की सफल रोबोटिक सर्जरी कर पूरे देश को चौंका दिया था। तब से अब तक संस्थान में 200 से अधिक जटिल पीडियाट्रिक रोबोटिक सर्जरी की जा चुकी हैं। डॉ. विजय ने बताया कि हालांकि यह तकनीक पारंपरिक विधि से थोड़ी महंगी है, लेकिन कम समय और बेहतर परिणाम इसे ‘वैल्यू फॉर मनी’ बनाते हैं।
लाइव सर्जरी से सीखेंगे देश भर के डॉक्टर
इस कॉन्क्लेव की सबसे बड़ी विशेषता लाइव रोबोटिक सर्जरी का प्रसारण होगा। संस्थान के निदेशक प्रो. आरके धीमन मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। इस दौरान देश भर से आए विशेषज्ञ सर्जन वास्तविक समय (Real-time) में रोबोटिक तकनीक की बारीकियों को समझेंगे। इस अवसर पर डॉ. अंजू वर्मा भी उपस्थित रहीं।
Also Read: आंवला: बार एसोसिएशन चुनाव की तस्वीर साफ, अध्यक्ष पद पर ‘पाल’ बनाम ‘श्रीवास्तव’ का कड़ा मुकाबला

