Siddharthnagar News: कुलाधिपति आनंदीबेन पटेल ने प्राचार्यों को दिया ‘सफलता का मंत्र’
Siddharthnagar News: उत्तर प्रदेश की राज्यपाल एवं कुलाधिपति आनंदीबेन पटेल की अध्यक्षता में लखनऊ स्थित जनभवन में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में सिद्धार्थ विश्वविद्यालय, कपिलवस्तु, सिद्धार्थनगर की कुलपति प्रोफेसर कविता शाह के नेतृत्व में विश्वविद्यालय से संबद्ध राजकीय एवं अनुदानित महाविद्यालयों के प्राचार्यों का एक प्रतिनिधिमंडल शामिल हुआ। बैठक का मुख्य एजेंडा उच्च शिक्षा की गुणवत्ता, शोध और नवाचार को बढ़ावा देना रहा।
NAAC मूल्यांकन: संस्थानों में विकसित हो ‘गुणवत्ता संस्कृति’
समीक्षा बैठक के दौरान राष्ट्रीय मूल्यांकन एवं प्रत्यायन परिषद (NAAC) के माध्यम से शैक्षणिक गुणवत्ता के आकलन पर विस्तार से चर्चा हुई। कुलाधिपति ने प्राचार्यों को स्पष्ट संदेश दिया। संस्थानों को अपने आंतरिक संसाधनों का अधिकतम उपयोग करते हुए ठोस सुधार करने चाहिए। NAAC केवल एक कागजी प्रक्रिया नहीं है, बल्कि यह संस्थानों में शिक्षण की गुणवत्ता संस्कृति विकसित करने का माध्यम है।
डिग्री से आगे: सक्षम और जिम्मेदार नागरिक बनाना लक्ष्य
कुलाधिपति आनंदीबेन पटेल ने अपने संबोधन में उच्च शिक्षा के व्यापक उद्देश्यों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा शिक्षण संस्थानों की भूमिका केवल डिग्री बांटने तक सीमित नहीं है। हमारा दायित्व विद्यार्थियों को सक्षम, संवेदनशील और जिम्मेदार नागरिक बनाना है। संस्थानों में शोध (Research) और नवाचार (Innovation) की संस्कृति विकसित की जाए ताकि विद्यार्थी समाज की समस्याओं का समाधान खोज सकें।
कौशल विकास और आत्मनिर्भर भारत
राज्यपाल ने कौशल विकास आधारित शिक्षा पर विशेष बल दिया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को रोजगारोन्मुखी बनाना आवश्यक है ताकि वे ‘आत्मनिर्भर भारत’ के निर्माण में सक्रिय भागीदार बन सकें। साथ ही, उन्होंने संस्थानों को स्थानीय समुदाय के साथ जुड़कर सामाजिक विकास में भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया।
कुलपति प्रो. कविता शाह ने बताया ‘सकारात्मक’ अनुभव
बैठक के समापन के बाद कुलपति प्रोफेसर कविता शाह ने कहा कि कुलाधिपति का मार्गदर्शन अत्यंत प्रेरणादायक रहा। उन्होंने बताया इस बैठक से सभी महाविद्यालय NAAC मूल्यांकन के प्रति अधिक सजग हुए हैं। विश्वविद्यालय अपने सभी संबद्ध महाविद्यालयों के साथ निरंतर समन्वय स्थापित कर गुणवत्ता सुधार के लिए कार्य करेगा।
बैठक में इनकी रही गरिमामय उपस्थिति
इस अवसर पर कुलसचिव डॉ. अश्विनी कुमार, परीक्षा नियंत्रक दीनानाथ यादव, प्रो. अरविंद कुमार सिंह, प्रो. बृजेश कुमार त्रिपाठी, प्रो. अभय श्रीवास्तव, प्रो. रीना पाठक, प्रो. सुनीता त्रिपाठी, डॉ. अजय मिश्रा, डॉ. एसपी सिंह और प्राचार्य संतोष सिंह सहित विभिन्न महाविद्यालयों के प्राचार्य उपस्थित रहे।
रिपोर्ट: जाकिर खान
Also Read: देश में महिला आरक्षण कानून 2023 हुआ लागू, सरकार ने जारी किया नोटिफिकेशन

