नेपाल के सोलुखुम्बु में लैंडिंग के दौरान आपस में टकराए दो हेलीकॉप्टर, एक विदेशी नागरिक की मौत
Sandesh Wahak Digital Desk: नेपाल के पूर्वी हिस्से में स्थित सोलुखुम्बु जिले के फेरिचे हेलीपैड पर मंगलवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। खुम्बू पासांग ल्हामू ग्रामीण नगरपालिका के वार्ड नंबर-4 में सुबह करीब 8:15 बजे लैंडिंग के दौरान फिशटेल एयर और डायनेस्टी एयर के दो हेलीकॉप्टर आपस में टकरा गए। सशस्त्र पुलिस बल (एपीएफ) के सोलुखुम्बु प्रभारी डीएसपी सूरज पांडे ने पुष्टि की है कि दोनों हेलीकॉप्टरों के उतरने के प्रयास में उनके रोटर ब्लेड आपस में उलझ गए। इस भिड़ंत में एक विदेशी नागरिक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। गनीमत रही कि दुर्घटना के बाद मौके पर आग नहीं लगी।
एवरेस्ट क्षेत्र में सुरक्षा और जांच पर उठे सवाल
नेपाल के नागरिक उड्डयन प्राधिकरण के सूचना अधिकारी ज्ञानेंद्र भुल और स्थानीय पुलिस के अनुसार, घायल व्यक्ति को प्राथमिक उपचार के लिए तुरंत प्रभु एयर के हेलीकॉप्टर से लुकला पहुंचाया गया। हालांकि, मृतक और घायल व्यक्ति की पहचान का ब्योरा अभी नहीं मिल सका है। सोलुखुम्बु का यह फेरिचे क्षेत्र माउंट एवरेस्ट के पास होने के कारण अंतरराष्ट्रीय पर्वतारोहियों और पर्यटकों का मुख्य केंद्र है, जहां दुर्गम पहाड़ियों में परिवहन और रेस्क्यू के लिए हेलीकॉप्टरों का रोजाना भारी इस्तेमाल होता है। फिलहाल नेपाल पुलिस और उड्डयन अधिकारी हादसे की वजहों की विस्तृत जांच कर रहे हैं।
Also Read: 6 दिन अवैध हिरासत में रखने पर पुलिस देगी 1.25 लाख मुआवजा, इलाहाबाद HC ने सुनाया आदेश

