ट्रंप के दावों में शामिल हुआ भारत, अंतरिम व्यापार समझौते को व्हाइट हाउस ने उपलब्धियों में गिनाया

Sandesh Wahak Digital Desk: अमेरिकी मिडटर्म चुनावों से ठीक पहले व्हाइट हाउस ने राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के दूसरे कार्यकाल की 127 प्रमुख उपलब्धियों की एक सूची जारी की है। प्रेसिडेंट ट्रंप्स सेकेंड टर्म: प्रॉमिसेज मेड, प्रॉमिसेज केप्ट, रिजल्ट्स डिलीवर्ड शीर्षक वाले इस दस्तावेज में भारत को भी उन देशों में शामिल किया गया है जिनके साथ अमेरिका ने बेहतर और नए व्यापार समझौते किए हैं। हालांकि, सच्चाई यह है कि भारत और अमेरिका के बीच फरवरी में घोषित अंतरिम व्यापार समझौते के ढांचे पर अभी तक औपचारिक हस्ताक्षर नहीं हो पाए हैं।

व्हाइट हाउस ने अपनी वेबसाइट पर दावा किया कि टैरिफ को दबाव के रूप में इस्तेमाल करते हुए ट्रंप प्रशासन ने ब्रिटेन, यूरोपीय संघ, जापान, चीन और भारत जैसे देशों के साथ द्विपक्षीय व्यापार समझौतों में सुधार किया है, जो वैश्विक जीडीपी के आधे से अधिक हिस्से का प्रतिनिधित्व करते हैं।

लीगल स्क्रूटनी में अटका समझौता

फरवरी में दोनों देशों द्वारा जारी संयुक्त बयान के अनुसार, इसे एक अंतिम संधि नहीं बल्कि एक अंतरिम व्यापार समझौते का ढांचा (फ्रेमवर्क) बताया गया था। इस प्रस्तावित समझौते के तहत भारत को अमेरिकी औद्योगिक और कुछ कृषि उत्पादों पर आयात शुल्क कम या खत्म करना था, जबकि अमेरिका ने भारतीय सामानों पर 18 प्रतिशत का पारस्परिक शुल्क लगाने की बात कही थी। साथ ही जेनेरिक दवाओं, रत्न-आभूषण और विमान के पुर्जों जैसे भारतीय उत्पादों को अंतरिम समझौते के तहत पारस्परिक शुल्क से राहत देने का प्रस्ताव भी शामिल था।

भारत के वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल और वाणिज्य सचिव राजेश अग्रवाल के मुताबिक समझौते का पहला चरण तैयार है और इसकी कानूनी जांच (लीगल स्क्रूटनी) की प्रक्रिया चल रही है। फिलहाल न तो अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि (USTR) और न ही भारत सरकार ने इस पर हस्ताक्षर की कोई निश्चित तारीख तय की है, फिर भी रिपब्लिकन पार्टी ने मिडटर्म चुनावों में बढ़त बनाने के लिए इसे अपनी बड़ी कामयाबी के रूप में पेश किया है।

Also Read:KGMU धर्मांतरण केस की आंच अब PGI तक, व्हाट्सऐप पर बनता था प्लान, हॉस्टल में बुलाए जाते थे मौलाना

Get real time updates directly on you device, subscribe now.