STF के हत्थे चढ़े अंतरराज्यीय गिरोह के 3 तस्कर, 8.5 लाख की अफीम बरामद
Bareilly News: उत्तर प्रदेश एसटीएफ (STF) को अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता हाथ लगी है। एसटीएफ की लखनऊ इकाई ने स्थानीय पुलिस के सहयोग से बरेली के सुभाष नगर थाना क्षेत्र से अंतर्राज्यीय अफीम तस्कर गिरोह के तीन सक्रिय सदस्यों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से 1.428 किलोग्राम अवैध अफीम बरामद हुई है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 8.50 लाख रुपये आंकी गई है।
पुलिस के मुताबिक,एसटीएफ मुख्यालय के अपर पुलिस अधीक्षक दीपक कुमार सिंह के पर्यवेक्षण में यह कार्यवाही की गई। सटीक सूचना के आधार पर उप-निरीक्षक हरीश सिंह चौहान की टीम ने बरेली के अंधी पुलिया के पास जाल बिछाया। टीम ने घेराबंदी कर तीन तस्करों लाला राम वर्मा, तौफीक खां (निवासी ग्राम भूणा, बरेली) और राकेश (निवासी ग्राम प्रेमराज पुर, बरेली) को गिरफ्तार किया है। तस्करों के पास से अफीम के अलावा 03 मोबाइल फोन भी बरामद किए गए हैं।
पंजाब-हरियाणा में था सप्लाई चेन
गिरफ्तार तस्करों ने पूछताछ में बताया कि वे लंबे समय से उत्तर प्रदेश, दिल्ली, उत्तराखंड, पंजाब और हरियाणा जैसे राज्यों में अफीम की सप्लाई कर रहे थे। वे आपस में मिलकर परिवहन और बिक्री का लाभ बांटते थे।
तस्करों ने गिरोह के काम करने का तरीका बताते हुए कहा कि वे पंजाब के लुधियाना स्थित सिंदाल चौक के पास जाकर ग्राहक का इंतजार करते थे। वहां संबंधित व्यक्ति खुद आकर उनसे संपर्क करता था और 6-7 लाख रुपये प्रति किलोग्राम के हिसाब से भुगतान कर माल ले जाता था। यह पूरा लेन-देन और पहचान का तरीका गुप्त रखा जाता था।
गिरफ्तार तस्करों के विरुद्ध बरेली के थाना सुभाष नगर में एनडीपीएस (NDPS) अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा पंजीकृत कराया गया है। मामले की अग्रिम विधिक कार्यवाही स्थानीय पुलिस द्वारा की जा रही है।
Also Read: देश के सबसे बड़े आर्थिक संकट पर बनी फिल्म, मनोज बाजपेयी के ‘Governor’ टीजर ने मचाई सनसनी

