न बच्चे आए, न कक्षा लगी… फिर भी हाजिरी और मिड-डे मील चालू, MP के सरकारी स्कूल में बड़ा फर्जीवाड़ा
Sehore Government School Scam: मध्यप्रदेश के सीहोर के शासकीय प्राथमिक शाला नोनीखेड़ी काजी से सरकारी शिक्षा व्यवस्था को लेकर हैरान करने वाला मामला सामने आया है। आरोप है कि स्कूल में वर्षों से बच्चे पढ़ने नहीं आ रहे, लेकिन सरकारी रिकॉर्ड में उनकी मौजूदगी दर्ज की जा रही है।
स्कूल परिसर में छात्र नजर नहीं आते, इसके बावजूद हाजिरी रजिस्टर (Attendance Register) में बच्चों को कभी उपस्थित तो कभी अनुपस्थित दिखाया जा रहा है। इतना ही नहीं, रिकॉर्ड में दर्ज बच्चों के नाम पर नियमित रूप से मध्यान भोजन (Mid-Day Meal) भी तैयार होने और उसके लिए बजट की राशि जारी होने की बात सामने आई है।
मामले ने इसलिए भी गंभीर सवाल खड़े किए हैं क्योंकि बताया जा रहा है कि कई बच्चे निजी स्कूलों में चले गए हैं। इसके बावजूद उनका स्थानांतरण प्रमाण पत्र (TC) जारी नहीं किया गया और न ही इस स्थिति की जानकारी किसी वरिष्ठ अधिकारी को लिखित रूप से दी गई।
रखरखाव के पैसे पर भी सवाल
स्कूल के रखरखाव और दूसरी सुविधाओं के लिए शासन से मिलने वाली राशि के इस्तेमाल को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। जब स्कूल में छात्र ही मौजूद नहीं हैं, तो इन मदों में आने वाले सरकारी बजट का इस्तेमाल किस तरह किया जा रहा है, इसकी जांच की मांग उठ रही है।
संस्था की प्रधान अध्यापिका किरण शर्मा की भूमिका पर भी सवाल खड़े किए जा रहे हैं। सवाल यह है कि अगर परिसर में बच्चे मौजूद नहीं हैं, तो शिक्षण कार्य किसके लिए किया जा रहा है?
विभागीय निगरानी पर भी उठे सवाल
मामले (Sehore Government School Scam) ने विकासखंड शिक्षा अधिकारी और विभागीय निगरानी व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। आरोप है कि जमीनी स्तर पर नियमित निरीक्षण नहीं होने के कारण सरकारी रिकॉर्ड और वास्तविक स्थिति में इतना बड़ा अंतर बना हुआ है।
वहीं, जिला शिक्षा अधिकारी शालू शर्मा ने कहा कि मामला उनके संज्ञान में आया है और इसकी पूरी जांच कराई जाएगी। जांच के बाद तथ्य सामने आने पर संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई की बात कही गई है।
अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि अगर वर्षों से बच्चे स्कूल नहीं आ रहे थे, तो सरकारी रिकॉर्ड में उनकी हाजिरी (Attendence) कैसे दर्ज होती रही और उनके नाम पर मिलने वाली योजनाओं का लाभ किस तरह जारी रहा। जांच के बाद ही इस पूरे School Education Scam की वास्तविक तस्वीर साफ होगी।
Also Read: सरकारी दफ्तरों में भ्रष्टाचार की 70 हजार शिकायतें, CVC रिपोर्ट के खुलासे में बैंक-रेलवे टॉप पर

