पश्चिम बंगाल के बर्धमान से जैश-ए-मोहम्मद का संदिग्ध आतंकी गिरफ्तार, शुभेंदु अधिकारी पर हमले का था प्लान

Sandesh Wahak Digital Desk: पश्चिम बंगाल एसटीएफ को एक बड़ी कामयाबी मिली है, जिसमें बर्धमान जिले से प्रतिबंधित आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद के एक संदिग्ध सदस्य हामिद मंडल को गिरफ्तार किया गया है। शुरुआती जांच में यह चौंकाने वाली जानकारी सामने आई है कि संदिग्ध आतंकी पश्चिम बंगाल के नेता प्रतिपक्ष शुभेंदु अधिकारी पर हमले की योजना बना रहा था। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, आरोपी के पास से जब्त किए गए मोबाइल फोन और आपत्तिजनक दस्तावेजों की जांच के दौरान इस साजिश का भंडाफोड़ हुआ है।

पुलवामा हमले के मास्टरमाइंड का करीबी है गिरफ्तार आतंकी

एसटीएफ सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, पकड़ा गया संदिग्ध आतंकी हामिद मंडल जम्मू-कश्मीर के भयानक पुलवामा हमले के मास्टरमाइंड सज्जाद भट का बेहद करीबी माना जाता है। पुलिस ने उसे बर्धमान के रेनेसां टाउनशिप स्थित एक सोसाइटी से गुरुवार देर रात गुप्त सूचना के आधार पर गिरफ्तार किया। वह पिछले दो-तीन महीनों से वहां एक किराए का फ्लैट लेकर छिपकर रह रहा था और अपनी गतिविधियों को अंजाम दे रहा था।

मामले की गंभीरता को देखते हुए बंगाल एसटीएफ विभिन्न पहलुओं से गहराई से पड़ताल कर रही है। गिरफ्तार आतंकी को शुक्रवार को अदालत में पेश किया जाएगा, जहां एसटीएफ उससे गहन पूछताछ के लिए पुलिस कस्टडी की मांग करेगी। एजेंसी इस बात की जांच में जुटी है कि राज्य में उसके साथ और कौन-कौन से लोग शामिल हैं और उसका नेटवर्क कहां तक फैला हुआ है।

बीरभूम में खाली पड़े मकान से भारी मात्रा में विस्फोटक बरामद

इससे पहले पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिले से भी सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता मिली थी। बीरभूम के नलहाटी क्षेत्र में एक लावारिस मकान पर छापेमारी कर पुलिस ने भारी मात्रा में अवैध विस्फोटक सामग्री जब्त की थी। बरामद सामग्री में 800 किलोग्राम से अधिक अमोनियम नाइट्रेट, 1,200 से ज्यादा जिलेटिन स्टिक, 105 डेटोनेटर और 36 डेटोनेटिंग फ्यूज कॉइल शामिल हैं। पुलिस दोनों मामलों के आपसी तारों की भी जांच कर रही है।

Also Read: पाकिस्तान के बलूचिस्तान की कोयला खदान में धमाका, 15 खनिकों की मौत

Get real time updates directly on you device, subscribe now.