लखनऊ में दंपती की संदिग्ध मौत से हड़कंप, पत्नी चारपाई पर मृत मिली, फंदे से लटका पति
Lucknow News: लखनऊ के बख्शी का तालाब (BKT) क्षेत्र के मदारीपुर गांव में मंगलवार को एक दंपती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया। 35 वर्षीय आशीष प्रजापति (Ashish Prajapati) और उनकी 30 वर्षीय पत्नी क्षमता प्रजापति (Kshamata Prajapati) घर के कमरे में मृत पाए गए।
बताया जा रहा है कि दंपती ने अपने बेटे और बेटी को स्कूल भेजा था। इसके बाद दोनों की मौत की जानकारी सामने आई। घटना की सूचना मिलते ही एसीपी बख्शी का तालाब के साथ स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) की टीम ने भी घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए हैं।
पत्नी का शव चारपाई पर मिला
पुलिस सूत्रों के अनुसार, क्षमता का शव कमरे में चारपाई पर मिला, जबकि आशीष भी कमरे में मृत पाए गए। घटनास्थल की परिस्थितियों को देखते हुए पुलिस कई पहलुओं से मामले की जांच कर रही है।
पुलिस सूत्रों ने शुरुआती तौर पर पति द्वारा पत्नी की हत्या करने के बाद खुदकुशी की आशंका जताई है, लेकिन अभी तक पुलिस ने इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। इसलिए मौत की वास्तविक वजह और घटनाक्रम को लेकर किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी।
गृह कलह के एंगल से भी जांच
प्रारंभिक जांच में घटना के पीछे गृह कलह की आशंका जताई जा रही है। हालांकि पुलिस अन्य संभावित कारणों की भी जांच कर रही है। फॉरेंसिक टीम घटनास्थल से मिले साक्ष्यों का परीक्षण कर रही है।
पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने और सभी साक्ष्यों के सामने आने के बाद ही दंपती की मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।
Also Read: लखनऊ में महिला की सिर कूचकर हत्या, 24 घंटे में दो और चार दिन में तीसरी वारदात

