अयोध्या गोलीकांड के खिलाफ सड़क पर उतरे स्वामी प्रसाद मौर्य, KGMU के बाहर जमकर हुआ बवाल
Swami Prasad Maurya Protest on Ayodhya Firing Case: अयोध्या गोलीकांड में घायल पार्वती मौर्य की लखनऊ के KGMU में इलाज के दौरान मौत के बाद मंगलवार को माहौल गरमा गया। पार्वती की मौत की खबर मिलते ही पूर्व मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्य समर्थकों के साथ KGMU के पोस्टमार्टम हाउस पहुंच गए। देखते ही देखते वहां दर्जनों लोग जमा हो गए और प्रदर्शन शुरू हो गया।
प्रदर्शनकारियों ने हत्यारोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और फांसी की मांग करते हुए मुख्य मार्ग पर जाम लगा दिया। सड़क पर प्रदर्शन के चलते यातायात भी प्रभावित हुआ। स्थिति संभालने पहुंची पुलिस की प्रदर्शनकारियों से कई बार नोकझोंक हुई।
JCP से स्वामी प्रसाद मौर्य की तीखी बहस
हंगामे की सूचना पर लखनऊ के जॉइंट पुलिस कमिश्नर (JCP) भी मौके पर पहुंचे। इस दौरान स्वामी प्रसाद मौर्य और पुलिस अधिकारी के बीच तीखी बहस हो गई। दोनों के बीच हुई गरमा-गरमी के बाद पुलिस अधिकारियों ने पूर्व मंत्री और अन्य प्रदर्शनकारियों को समझाने की कोशिश की।
पुलिस की ओर से भरोसा दिया गया कि गोलीकांड के आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। काफी समझाने के बाद प्रदर्शनकारियों को शांत कराया जा सका।
कार्रवाई नहीं हुई तो फिर धरने की चेतावनी
स्वामी प्रसाद मौर्य (Swami Prasad Maurya) ने पुलिस अधिकारियों को कार्रवाई के लिए अल्टीमेटम भी दिया। उन्होंने कहा कि यदि मामले में अपेक्षा के मुताबिक कार्रवाई नहीं हुई तो वह दोबारा KGMU पोस्टमार्टम हाउस के बाहर धरने पर बैठेंगे। उन्होंने चेतावनी दी कि अगली बार प्रदर्शन और बड़ा होगा।
प्रदर्शन के कारण काफी देर तक मुख्य मार्ग पर यातायात बाधित रहा। पुलिस के मुताबिक मामले की जांच जारी है और जांच के आधार पर आगे आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
Also Read: लखनऊ में महिला की सिर कूचकर हत्या, 24 घंटे में दो और चार दिन में तीसरी वारदात

