UP Politics: अखिलेश यादव ने स्मार्ट मीटर और भ्रष्टाचार को लेकर खड़े किए ये अहम सवाल
Sandesh Wahak Digital Desk: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने मंगलवार को भाजपा सरकार पर अब तक का सबसे तीखा हमला बोला। पार्टी मुख्यालय में आयोजित एक विशाल जॉइनिंग कार्यक्रम के बाद पत्रकारों से मुखातिब होते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा अपनी विदाई तय मान चुकी है और अब सड़कों पर उतरकर ‘विपक्ष’ में बैठने का अभ्यास (प्रैक्टिस) कर रही है।

“हिटलर राज से भी आगे निकली भाजपा की झूठी सरकार”
अखिलेश यादव ने महिला आरक्षण और अन्य मुद्दों पर भाजपा को ‘झूठ का पुलिंदा’ करार दिया। उन्होंने कहा भाजपा झूठ बोलने में हिटलर राज से भी आगे निकल गई है। हिटलर के यहां एक मंत्री झूठ बोलता था, लेकिन यहां पूरी सरकार और भाजपा के शपथ लिए हुए लोग सुबह से शाम तक झूठा प्रचार कर रहे हैं। सपा प्रमुख ने दावा किया कि महिला आरक्षण बिल 2023 में ही पास हो चुका था, लेकिन भाजपा अब जानबूझकर भ्रम फैला रही है। उन्होंने कहा, लोकसभा में भाजपा की बदनीयत और साजिश की हार हुई है।

जातीय जनगणना और आरक्षण पर घेरा
आरक्षण के मुद्दे पर अखिलेश यादव ने स्पष्ट रुख अपनाते हुए कहा कि भाजपा जातीय जनगणना से भाग रही है। जब आरक्षण गिनती के आधार पर मिलना है, तो भाजपा गिनती क्यों नहीं करा रही? बिना गिनती के आरक्षण का लाभ पिछड़ों और दलितों तक कैसे पहुँचेगा? भाजपा केवल जनता को गुमराह करना जानती है।

UP में महिला सुरक्षा और भ्रष्टाचार पर प्रहार
सपा प्रमुख ने कानून-व्यवस्था और भ्रष्टाचार को लेकर योगी सरकार को कठघरे में खड़ा किया। उन्होंने “NCRB की रिपोर्ट गवाह है कि यूपी में महिलाएं सबसे ज्यादा असुरक्षित हैं। सरकार ने 1090 और 102 जैसी हमारी शुरू की गई सेवाओं को बर्बाद कर दिया।” उन्होंने बिजली विभाग में बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए कहा कि स्मार्ट मीटर के नाम पर बड़ा घोटाला चल रहा है और बार-बार मीटर बदलकर उपभोक्ताओं को लूटा जा रहा है। नोएडा में मजदूरों पर FIR और उनकी गिरफ्तारी पर नाराजगी जताते हुए उन्होंने अन्य राज्यों के बराबर मजदूरी देने की मांग की।
अखिलेश यादव ने घोषणा की कि गाजीपुर की घटना के पीड़ित परिवार से मिलने सपा का एक प्रतिनिधिमंडल जाएगा। पार्टी परिवार को आर्थिक और कानूनी, हर संभव मदद प्रदान करेगी।
‘PDA’ के साथ ऐतिहासिक सदस्यता ग्रहण
आज का दिन सपा के लिए इसलिए भी खास रहा क्योंकि बसपा के प्रवक्ता डॉ. एमएच खान, भाजपा के अखिलेश पाठक, सुभासपा के जैनेन्द्र राठौर और ओवैसी की पार्टी के इशरत अली खां सहित कई दिग्गजों ने सपा की सदस्यता ली। अखिलेश यादव ने कहा, “आज का दिन ऐतिहासिक है। हमारा PDA परिवार (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) अब इतना मजबूत हो गया है कि भाजपा कभी सत्ता में नहीं लौटेगी।”

