पेपर लीक का सबसे बड़ा खिलाड़ी गिरफ्तार! बिहार से दबोचा गया मास्टरमाइंड बिजेंद्र गुप्ता
Maharashtra TET Paper Leak: महाराष्ट्र शिक्षक पात्रता परीक्षा (TET) पेपर लीक मामले में जांच एजेंसियों को बड़ी सफलता मिली है। लंबे समय से फरार चल रहे कथित पेपर लीक माफिया बिजेंद्र गुप्ता (Bijendra Gupta) को बिहार से गिरफ्तार कर लिया गया है। उसके साथ एक अन्य आरोपी को भी हिरासत में लिया गया है। पुलिस का मानना है कि इस गिरफ्तारी से देशभर में फैले पेपर लीक नेटवर्क से जुड़े कई अहम राज सामने आ सकते हैं।
बिजेंद्र गुप्ता पिछले कई महीनों से पुलिस की पकड़ से बाहर था। उसकी तलाश में महाराष्ट्र पुलिस ने बिहार समेत कई राज्यों में लगातार छापेमारी की थी। आखिरकार उसे बिहार से गिरफ्तार कर लिया गया।
कई चर्चित पेपर लीक मामलों में सामने आ चुका है नाम
जांच एजेंसियों के अनुसार, बिजेंद्र गुप्ता का नाम देश के कई चर्चित पेपर लीक मामलों से जुड़ चुका है। साल 2024 में NEET Paper Leak विवाद के दौरान हुए एक स्टिंग ऑपरेशन में उसने कथित तौर पर पेपर लीक सिंडिकेट के काम करने के तरीके और परीक्षा सुरक्षा व्यवस्था की कमजोरियों को लेकर कई दावे किए थे।
महाराष्ट्र TET पेपर लीक मामले में इससे पहले उसकी पत्नी समेत कई अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है, लेकिन बिजेंद्र लगातार पुलिस को चकमा देकर फरार चल रहा था।
गिरफ्तारी के बाद खुल सकते हैं बड़े राज
पुलिस का कहना है कि मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के बाद उससे पूछताछ के जरिए पूरे पेपर लीक नेटवर्क, उससे जुड़े अन्य लोगों और सिंडिकेट के संचालन से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी मिलने की उम्मीद है। फिलहाल उससे पूछताछ जारी है और मामले की जांच आगे बढ़ाई जा रही है।
यह गिरफ्तारी ऐसे समय हुई है, जब देश के कई हिस्सों में परीक्षा प्रणाली में सुधार और Paper Leak के खिलाफ कार्रवाई की मांग तेज है। छात्र संगठनों और प्रदर्शनकारियों की ओर से लगातार दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की जा रही है। ऐसे में जांच एजेंसियों की यह कार्रवाई काफी अहम मानी जा रही है।
Also Read: CJP प्रोटेस्ट के बीच NTA में बड़ा एक्शन, 47 अधिकारी बर्खास्त, कई पर होगी कानूनी कार्रवाई

