Siddharthnagar News: होमगार्ड भर्ती परीक्षा के लिए जिला प्रशासन ने कसी कमर, नकल करने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई
Siddharthnagar News: उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थनगर जनपद में आगामी 25, 26 और 27 अप्रैल को आयोजित होने वाली होमगार्ड भर्ती परीक्षा-2026 को लेकर जिला प्रशासन अलर्ट मोड पर है। परीक्षा को पूरी तरह शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और नकलविहीन संपन्न कराने के लिए जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने अधिकारियों को कड़े दिशा-निर्देश जारी किए हैं।
जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन और पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिषेक महाजन की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में सेक्टर मजिस्ट्रेट, स्टेटिक ऑफिसर और केंद्र व्यवस्थापकों की जिम्मेदारियां तय की गईं। जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि भर्ती परीक्षा की विश्वसनीयता बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। सभी अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि परीक्षा से पहले केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे, जैमर, बिजली, पानी और शौचालय जैसी व्यवस्थाएं सुनिश्चित कर ली जाएं।
कड़ी सुरक्षा और इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स पर पाबंदी
परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। परीक्षा केंद्रों के प्रवेश द्वार पर अभ्यर्थियों की कड़ी चेकिंग की जाएगी। मोबाइल फोन, ब्लूटूथ डिवाइस, स्मार्ट वॉच या किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण को केंद्र के भीतर ले जाने की अनुमति नहीं होगी। एसपी डॉ. अभिषेक महाजन ने बताया कि प्रत्येक केंद्र पर सुरक्षा बल तैनात रहेगा और यातायात प्रबंधन व भीड़ नियंत्रण के लिए विशेष योजना बनाई गई है। बैठक के दौरान बताया गया कि होमगार्ड भर्ती परीक्षा प्रतिदिन दो पालियों में संचालित होगी।
प्रथम पाली: सुबह 10:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक।
द्वितीय पाली: अपराह्न 03:00 बजे से शाम 05:00 बजे तक।
रिपोर्ट- जाकिर खान
Also Read: डोनाल्ड ट्रंप का दावा, नौसैनिक नाकेबंदी से ईरान को रोजाना 4200 करोड़ रुपये का हो रहा नुकसान

