कबाड़ी के खाते में करोड़ों का लेनदेन! कानपुर पुलिस ने बेनकाब किया 1600 करोड़ का सिंडिकेट

Sandesh Wahak Digital Desk: कानपुर में गरीबों के नाम पर फर्जी फर्म बनाकर 1600 करोड़ रुपये का काला खेल करने वाले गिरोह पर पुलिस ने शिकंजा कस दिया है। चकेरी और जाजमऊ पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए मास्टरमाइंड महफूज आलम के साले महताब आलम और उसके बेटे मासूम को गिरफ्तार कर लिया है। जांच में आरोपियों की करोड़ों की बेनामी संपत्ति का भी खुलासा हुआ है।

गरीबों को बनाया मोहरा, खातों से किया करोड़ों का खेल

डीसीपी पूर्वी सत्यजीत गुप्ता के मुताबिक, यह गिरोह पेंटर, कबाड़ी और छोटे कामगारों को निशाना बनाता था। आरोपियों ने बीमा कराने या व्यापार बढ़ाने का झांसा देकर इन मासूम लोगों से आधार कार्ड और अन्य दस्तावेज हासिल किए। इन दस्तावेजों के आधार पर करीब 68 फर्जी बैंक खाते खोले गए, जिनमें पिछले सवा दो साल के भीतर 1600 करोड़ रुपये का भारी-भरकम लेनदेन किया गया।

एमराल्ड गार्डेन में 8 करोड़ की संपत्ति का पता चला

गिरफ्तार आरोपी महताब आलम और उसके बेटे मासूम के नाम से ‘एमराल्ड गार्डेन’ में लगभग 8 करोड़ रुपये की संपत्ति होने की जानकारी मिली है। जांच में सामने आया है कि इन्होंने ‘आरती इंटरप्राइजेज’ जैसी फर्जी फर्में बनाईं। एक पीड़िता आरती ने बताया कि उनका बीमा कराने के नाम पर दस्तावेज लिए गए थे, लेकिन उनके खाते से 100 करोड़ का ट्रांजैक्शन कर डाला गया। इसी तरह पेंटर निखिल और शहनवाज के नाम पर भी करोड़ों का खेल हुआ।

जबरन हस्ताक्षर और कार हड़पने का आरोप

घोटाले की परतें तब खुलीं जब पीड़ितों ने सामने आकर आपबीती सुनाई। न्यू आजादनगर के अजय शुक्ला ने बताया कि महफूज ने व्यापार बढ़ाने के नाम पर फर्जी फर्म खुलवाई और विरोध करने पर कार में बंधक बनाकर चेकबुक पर हस्ताक्षर करा लिए। वहीं, जाजमऊ की अल्फिशा ने आरोप लगाया कि मुफ्त इलाज का झांसा देकर उनके और उनके भाई के नाम पर खाते खुलवाए गए और जान से मारने की धमकी देकर चेक साइन कराए गए।

बैंक कर्मियों की भूमिका भी संदिग्ध

इस पूरे खेल में बैंक कर्मियों की मिलीभगत की भी आशंका है। अल्फिशा की तहरीर पर पुलिस ने महफूज, उसकी पत्नी सायरा, साले महताब, मासूम और दो बैंक कर्मियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस अब फरार मुख्य आरोपी महफूज और उसके अन्य साथियों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है।

Also Read: चंडीगढ़ एयरपोर्ट पर बड़ा हादसा, गोवा से आ रही इंडिगो फ्लाइट में जोरदार धमाका, कई घायल

Get real time updates directly on you device, subscribe now.