ईरान की धरती पर अमेरिका का सर्जिकल रेस्क्यू, मौत के मुंह से सुरक्षित निकाला अपना कर्नल

Sandesh Wahak Digital Desk: ईरान के साथ जारी जंग के बीच अमेरिकी सेना ने एक अविश्वसनीय कारनामे को अंजाम दिया है। ईरान द्वारा मार गिराए गए अमेरिकी फाइटर जेट F-15E के उस दूसरे क्रू मेंबर को भी सुरक्षित बचा लिया गया है, जो पिछले कई घंटों से लापता था और जिसके सिर पर ईरान ने इनाम घोषित कर रखा था। रविवार सुबह अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने खुद ‘ट्रूथ सोशल’ पर इस खबर की पुष्टि करते हुए इसे अमेरिकी इतिहास का सबसे साहसी रेस्क्यू मिशन बताया।

गौरलतब है कि ईरान की सेना (IRGC) ने इस अमेरिकी कर्नल को पकड़ने के लिए पूरे इलाके में ‘सर्च ऑपरेशन’ चला रखा था। खबर थी कि ईरान ने उस पायलट की जानकारी देने वाले के लिए 60,000 डॉलर के इनाम का ऐलान किया था। ईरानी मीडिया के अनुसार, विमान मध्य ईरान के कोगिलुयेह और बोयर-अहमद प्रांत के पहाड़ी इलाकों में गिरा था, जहां ईरानी सैनिक चप्पे-चप्पे की खाक छान रहे थे।

वह कभी अकेला नहीं था: ट्रंप

राष्ट्रपति ट्रंप ने अपने पोस्ट में इस मिशन की सफलता पर गर्व जताते हुए लिखा, मेरे साथी अमेरिकियों, हमने उसे खोज लिया! यह हमारे शानदार क्रू मेंबर और सम्मानित कर्नल के लिए था। वह ईरान के खतरनाक पहाड़ों में दुश्मन की घेराबंदी के बीच था। दुश्मन हर घंटे उसके करीब पहुंच रहे थे, लेकिन वह कभी अकेला नहीं था। कमांडर-इन-चीफ से लेकर साथी वॉरफाइटर्स तक, सब 24 घंटे उसकी लोकेशन पर नजर रखे हुए थे। ट्रंप ने बताया कि पायलट को चोटें आई हैं, लेकिन वह जल्द ही ठीक हो जाएगा। उन्होंने इसे एक चमत्कारी ऑपरेशन बताया।

इतिहास में पहली बार, दो पायलटों का सफल रेस्क्यू

यह ऑपरेशन इसलिए भी खास है क्योंकि पिछले 24 घंटों में यह दूसरा सफल रेस्क्यू है। पहले पायलट के बचाए जाने की खबर को गुप्त रखा गया था ताकि दूसरे पायलट की जान खतरे में न पड़े। ट्रंप ने दावा किया कि अमेरिकी सेना के इतिहास में यह पहली बार है जब दुश्मन के इलाके में घुसकर दो अलग-अलग पायलटों को सुरक्षित निकाला गया है। उन्होंने इसे ईरानी आसमान पर अमेरिका की हवाई सर्वोच्चता (Air Dominance) का सबूत बताया।

अपने संदेश के अंत में ट्रंप ने अमेरिकी सेना को दुनिया की सबसे प्रोफेशनल और खतरनाक सेना बताया। उन्होंने कहा कि यह पल हर अमेरिकी के लिए गर्व का है, चाहे वह किसी भी पार्टी का हो। उन्होंने सभी को ‘ईस्टर’ की शुभकामनाएं देते हुए कहा, हम कभी भी अपने किसी योद्धा को पीछे नहीं छोड़ेंगे!

Also Read: KGMU परिसर से हटेंगी अवैध मजारें, नोटिस और सुनवाई के बावजूद नहीं मिले कागजात

Get real time updates directly on you device, subscribe now.