बरेली में खुला UIDAI का पहला अत्याधुनिक आधार सेवा केंद्र, सप्ताह के सातों दिन मिलेंगी सभी सुविधाएं

Bareilly News: बरेली और रुहेलखंड क्षेत्र के नागरिकों के लिए एक बेहद राहत भरी खबर है। भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (UIDAI) ने बरेली में अपने पहले आधिकारिक और भव्य ‘आधार सेवा केंद्र’ का संचालन पूरी तरह से सुचारू कर दिया है। यह नया और अत्याधुनिक केंद्र राजेंद्र नगर स्थित केके हॉस्पिटल रोड पर, संकल्प हॉस्पिटल के समीप, गुलमोहर पार्क (मकान नंबर: डी-115 ए) में खोला गया है। इस केंद्र के शुरू होने से अब स्थानीय निवासियों को अपनी पहचान संबंधी दस्तावेजों को अपडेट कराने के लिए भटकना नहीं पड़ेगा।

एक ही छत के नीचे नया नामांकन और बायोमेट्रिक अपडेट की सुविधा

केंद्र प्रभारी से प्राप्त जानकारी के अनुसार, इस विशिष्ट केंद्र पर आधार से जुड़ी तमाम नागरिक सेवाएं एक ही परिसर में उपलब्ध करा दी गई हैं। यहाँ लोग न केवल अपना नया आधार कार्ड बनवा सकते हैं, बल्कि पुराने कार्ड में आवश्यक सुधार भी करवा सकते हैं। केंद्र पर नाम, जन्मतिथि, लिंग (जेंडर), स्थायी पता, मोबाइल नंबर और ई-मेल आईडी में संशोधन की व्यवस्था है। इसके साथ ही, बच्चों और बड़ों के लिए अनिवार्य फोटो व फिंगरप्रिंट (बायोमेट्रिक) अपडेट की प्रक्रिया भी अत्याधुनिक मशीनों के जरिए पूरी की जा रही है।

पासपोर्ट कार्यालय जैसा टोकन सिस्टम

इस केंद्र की सबसे बड़ी खासियत इसकी कार्यप्रणाली है। इसे पूरी तरह ‘पासपोर्ट सेवा केंद्र’ के आधुनिक मॉडल पर विकसित किया गया है। यहाँ आने वाले नागरिकों की त्वरित सहायता के लिए एक हेल्पडेस्क बनाई गई है। परिसर में प्रवेश से लेकर दस्तावेज सत्यापन और अंतिम काउंटर तक की पूरी प्रक्रिया के लिए अलग-अलग प्रशिक्षित कर्मचारियों को तैनात किया गया है। डिजिटल टोकन सिस्टम होने के कारण यहाँ अनावश्यक भीड़ नहीं होती। इस केंद्र की दैनिक क्षमता लगभग 1500 आवेदनों के निस्तारण की है, जिससे लोगों का काम बेहद कम समय में और सुगमता से संपन्न हो जाता है।

केवल निर्धारित और पारदर्शी शुल्क

आम जनता को बिचौलियों और अतिरिक्त वसूली से बचाने के लिए यहाँ पूरी तरह से पारदर्शी व्यवस्था लागू है। केंद्र पर विभिन्न सुधारों और नए नामांकन के लिए केवल UIDAI द्वारा तय की गई आधिकारिक फीस ही ली जा रही है। किसी भी प्रकार के अतिरिक्त या गुप्त चार्ज पर पूरी तरह पाबंदी है। कामकाजी लोगों की सहूलियत को ध्यान में रखते हुए यह केंद्र सप्ताह के सातों दिन (रविवार सहित) सुबह 09:00 बजे से शाम 05:30 बजे तक खुला रहता है।

नागरिकों को केंद्र पर आकर लंबी कतारों में न लगना पड़े, इसके लिए डिजिटल अपॉइंटमेंट की सुविधा भी दी गई है। लोग घर बैठे ही UIDAI की आधिकारिक वेबसाइट http://Ask1.uidai.gov.in, http://Ask1.uidai.gov.in पर जाकर अपनी सुविधानुसार दिन और समय का ऑनलाइन स्लॉट बुक कर सकते हैं। निर्धारित समय पर केंद्र पहुंचकर बिना किसी प्रतीक्षा के काम कराया जा सकता है। यह केंद्र बरेली संभाग के लोगों के लिए डिजिटल नागरिक सेवाओं का एक बड़ा और सुगम माध्यम बनकर उभरा है।

रिपोर्ट- रंजीत बिसारिया

Also Read: बेटी के साथ रियलिटी शो में डेब्यू करेंगे रवि किशन, ‘अलायंस इंडिया’ में रिश्ते की असली परीक्षा!

Get real time updates directly on you device, subscribe now.