UP Board Result 2026: आज शाम 4 बजे खुलेगा 53 लाख छात्रों की किस्मत का पिटारा, ऐसे करें चेक
Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद (UPMSP) आज हाईस्कूल और इंटरमीडिएट का परीक्षा परिणाम घोषित करने जा रहा है। बोर्ड परीक्षाओं में शामिल हुए 50 लाख से अधिक छात्र-छात्राओं का इंतजार आज शाम 4:00 बजे खत्म होगा। माध्यमिक शिक्षा निदेशक डॉ. महेंद्र देव और परिषद के सचिव भगवती सिंह प्रयागराज स्थित मुख्यालय से संयुक्त रूप से नतीजों की घोषणा करेंगे। खास बात यह है कि इस बार बोर्ड पिछले साल (25 अप्रैल) की तुलना में तीन दिन पहले ही परिणाम जारी कर रहा है।
एक नजर आंकड़ों पर: 53 लाख से ज्यादा परीक्षार्थी
इस वर्ष यूपी बोर्ड की विशाल परीक्षा व्यवस्था में कुल 53,37,778 परीक्षार्थी पंजीकृत थे।
छात्र: 28,14,612
छात्राएं: 25,23,112
ट्रांसजेंडर: 54
जेल से परीक्षा: जेलों में बंद 176 हाईस्कूल और 184 इंटरमीडिएट के परीक्षार्थियों ने भी अपनी किस्मत आजमाई है।
15 दिन में हुआ 2.75 करोड़ कॉपियों का मूल्यांकन
योगी सरकार की ‘नकल विहीन परीक्षा’ के संकल्प के साथ इस बार रिकॉर्ड समय में कॉपियां जांची गईं।
परीक्षा अवधि: 18 फरवरी से 12 मार्च के बीच 15 दिनों में परीक्षाएं संपन्न हुईं।
मूल्यांकन: 18 मार्च से 4 अप्रैल के बीच मात्र 15 कार्य दिवसों में 2.75 करोड़ उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन पूरा किया गया।
त्रुटिहीन परिणाम: रिजल्ट को पूरी तरह सटीक बनाने के लिए इस बार पहली बार प्रधानाचार्यों और वरिष्ठ प्रवक्ताओं को ‘अंकेक्षक’ (Auditor) के रूप में नियुक्त किया गया था।
कहां और कैसे देखें अपना रिजल्ट?
सचिव भगवती सिंह ने बताया कि परिणाम घोषित होते ही छात्र बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइटों पर अपना रोल नंबर डालकर रिजल्ट चेक कर सकेंगे।
upmsp.edu.in
upresults.nic.in
सचिव की अपील: “निराश न हों छात्र, अभिभावक बढ़ाएं हौसला”
परिणाम से पहले परिषद के सचिव ने छात्रों और अभिभावकों के लिए महत्वपूर्ण संदेश दिया है। उन्होंने कहा कि यदि किसी छात्र को अपेक्षा के अनुरूप अंक नहीं मिलते हैं, तो घबराने की जरूरत नहीं है। बोर्ड द्वारा स्क्रूटनी (Scrutiny) और कंपार्टमेंट (Compartment) परीक्षा की सुविधा दी जाएगी। उन्होंने अभिभावकों से अपील की है कि वे बच्चों पर दबाव न बनाएं और उनका मनोबल बढ़ाएं।
Also Read: Lucknow News: मणप्पुरम ज्वैलर्स का 26 करोड़ का सोना डकारने वाला प्रभारी गिरफ्तार

