Mirzapur News: ब्रेक फेल होने से भिड़े 4 वाहन, बोलेरो में जिंदा जले 9 लोग, अब तक 11 की मौत

Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जनपद में बुधवार रात एक ऐसा खौफनाक सड़क हादसा हुआ जिसने पूरे प्रदेश को झकझोर कर रख दिया है। ड्रमंडगंज घाटी के ‘बड़का घुमान’ मोड़ पर एक अनियंत्रित ट्रक का ब्रेक फेल होने से चार वाहन आपस में टकरा गए। इस भीषण भिड़ंत के बाद बोलेरो गाड़ी धू-धू कर जल उठी, जिसमें सवार चालक समेत 9 लोग जिंदा जल गए। हादसे में अब तक कुल 11 मौतों की पुष्टि हुई है। मृतकों में से 8 लोग जिगना क्षेत्र के एक ही गांव नरैना के रहने वाले थे।

हादसे की भयावहता: जब ‘आग का गोला’ बन गई बोलेरो

हादसा बुधवार रात करीब 8:30 बजे हुआ। मध्य प्रदेश से चना लादकर आ रहे एक ट्रक का ब्रेक अचानक फेल हो गया। अनियंत्रित ट्रक ने आगे चल रही अल्टो कार, बोलेरो और एक अन्य ट्रक को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बोलेरो में तत्काल आग लग गई। अंदर फंसे लोगों को बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिला। अल्टो कार दो ट्रकों के बीच दबकर बुरी तरह पिचक गई, जिसमें चालक की मौके पर ही मौत हो गई।

शवों की पहचान: एक ही गांव के 8 लोगों का उजड़ा संसार

जिंदा जलने वाले 9 लोगों में से 8 लोग जिगना क्षेत्र के नरैना गांव के निवासी थे, जबकि बोलेरो चालक रामपुर हंसवार का था। मृतकों की सूची इस प्रकार है।

  • बीना सिंह (40) – पत्नी प्रदीप सिंह
  • वंदना सिंह (38) – पत्नी अरुण सिंह
  • पंकज सिंह (30) – पुत्र रामचंद्र सिंह
  • पीयूष सिंह (18) – पुत्र प्रदीप सिंह
  • सोनम (08) – पुत्री प्रदीप सिंह
  • प्रियंका सिंह (42) – पत्नी कमलेश सिंह
  • शिवा सिंह (07) – पुत्र अरुण सिंह
  • कार्तिकेय सिंह (18) – पुत्र कमलेश सिंह
  • विष्णु सिंह (40) – बोलेरो चालक (रामपुर हंसवार)
  • जयप्रकाश (26) – कार चालक (राबर्ट्सगंज, सोनभद्र)
  • ट्रक खलासी – (शिनाख्त जारी)

प्रशासनिक मुस्तैदी और रेस्क्यू ऑपरेशन

सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक भारी पुलिस बल और फायर ब्रिगेड के साथ मौके पर पहुँचीं। अग्निशमन दल ने कड़ी मशक्कत के बाद बोलेरो की आग बुझाई और गैस कटर की मदद से गाड़ियों को काटकर शवों को बाहर निकाला।

एसपी अपर्णा रजत कौशिक ने बताया कि हादसा ट्रक का ब्रेक फेल होने के कारण हुआ है। ड्रमंडगंज घाटी से उतरते समय ट्रक अनियंत्रित हो गया था। बोलेरो में आग लगने से 9 और कार-ट्रक में दबने से 2 लोगों की जान गई है। राहत एवं बचाव कार्य पूरा कर लिया गया है।

Also Read: UP Board Result 2026: आज शाम 4 बजे खुलेगा 53 लाख छात्रों की किस्मत का पिटारा, ऐसे करें चेक

Get real time updates directly on you device, subscribe now.