NEET छात्रों के लिए यूपी सरकार ने दी सुविधा, रोडवेज बसों के किराए में मिलेगी 50% की छूट

NEET UG 2026: उत्तर प्रदेश में 21 जून 2026 को आयोजित होने वाली नीट यूजी री-एग्जाम परीक्षा में शामिल होने जा रहे लाखों छात्रों के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बड़ी राहत की घोषणा की है। अब परीक्षा केंद्र तक पहुंचने के लिए अभ्यर्थियों को यात्रा खर्च की चिंता नहीं करनी पड़ेगी। राज्य सरकार ने फैसला किया है कि परीक्षा देने जा रहे छात्रों को यूपी रोडवेज (UPSRTC) की बसों में किराए पर 50 प्रतिशत की छूट दी जाएगी।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों के साथ हुई बैठक में यह निर्णय लिया और निर्देश दिए कि परीक्षा में शामिल होने वाले सभी पात्र छात्रों को इस सुविधा का लाभ आसानी से मिल सके। इसके लिए छात्रों को बस में केवल अपना NEET UG 2026 का एडमिट कार्ड दिखाना होगा।

साढ़े तीन लाख छात्रों को मिलेगा फायदा

सरकारी आंकड़ों के अनुसार, उत्तर प्रदेश के 59 जिलों में आयोजित होने वाली NEET परीक्षा में करीब 3.5 लाख अभ्यर्थी शामिल होंगे। बड़ी संख्या में छात्र अपने गृह जनपद से दूसरे शहरों में परीक्षा देने जाएंगे। ऐसे में यात्रा खर्च कम करने के उद्देश्य से यह फैसला लिया गया है।

सरकार का मानना है कि इससे छात्रों और उनके परिवारों पर आर्थिक बोझ कम होगा और वे बिना किसी परेशानी के परीक्षा केंद्र तक पहुंच सकेंगे।

छात्रों के लिए ठहरने की व्यवस्था

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिया है कि जो छात्र दूसरे जिलों से परीक्षा देने पहुंचेंगे और जिनके पास रुकने की कोई व्यवस्था नहीं होगी, उनके लिए प्रशासन अस्थायी आवास की सुविधा उपलब्ध कराए।

इस कदम का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि किसी भी छात्र को परीक्षा के दौरान आवागमन या ठहरने से जुड़ी समस्याओं का सामना न करना पड़े।

परीक्षा की पारदर्शिता और सुरक्षा पर विशेष जोर

बैठक में मुख्यमंत्री ने परीक्षा की शुचिता और गोपनीयता बनाए रखने के लिए भी सख्त निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) के सभी दिशा-निर्देशों का पालन किया जाए और परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम किए जाएं।

अफवाह फैलाने वालों पर रहेगी कड़ी नजर

हाल के वर्षों में प्रतियोगी परीक्षाओं को लेकर सामने आए विवादों को देखते हुए सरकार इस बार पूरी तरह सतर्क है। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सोशल मीडिया या अन्य माध्यमों से परीक्षा को लेकर अफवाह फैलाने वालों पर पैनी नजर रखी जाए।

उन्होंने स्पष्ट कहा कि भ्रामक जानकारी फैलाने वाले लोगों के खिलाफ तत्काल और सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि परीक्षा प्रक्रिया प्रभावित न हो।

छात्रों के लिए क्या है खास?

  • 21 जून 2026 को होने वाली NEET UG री-एग्जाम के लिए सुविधा।
  • यूपी रोडवेज बसों में 50% किराया छूट।
  • बस में सिर्फ एडमिट कार्ड दिखाना होगा।
  • करीब 3.5 लाख अभ्यर्थियों को मिलेगा लाभ।
  • जरूरतमंद छात्रों के लिए ठहरने की व्यवस्था भी होगी।
  • परीक्षा की सुरक्षा और पारदर्शिता के लिए विशेष इंतजाम।

Also Read: बिना TET पढ़ा रहे 1.86 लाख शिक्षकों के लिए बड़ा फैसला, UP में प्राइमरी टीचर्स के लिए होगी स्पेशल परीक्षा

Get real time updates directly on you device, subscribe now.