3 अगस्त से शुरू होगा UP विधानमंडल सत्र, 4 अगस्त को पेश होगा अनुपूरक बजट, उठेंगे ये मुद्दे
UP Vidhan Sabha Monsoon Session: उत्तर प्रदेश विधानमंडल का मानसून सत्र 3 अगस्त से शुरू होने जा रहा है। विधानसभा सचिवालय ने सत्र का कार्यक्रम जारी कर दिया है। चार दिन तक चलने वाले इस सत्र में सरकार 4 अगस्त को वित्तीय वर्ष 2026-27 का अनुपूरक बजट (Supplementary Budget) पेश करेगी। इसके अलावा कई अहम विधेयक, अध्यादेशों के प्रतिस्थानी बिल और महत्वपूर्ण रिपोर्टें भी सदन में रखी जा सकती हैं।
राजनीतिक लिहाज से भी यह सत्र खास माना जा रहा है। विधानसभा चुनाव से पहले होने वाले इस सत्र में सरकार नई योजनाओं और कुछ लोकलुभावन घोषणाओं का ऐलान कर सकती है।
UP Vidhan Sabha के मानसून सत्र के पहले दिन यानी 3 अगस्त को आजमगढ़ की निजामाबाद सीट से समाजवादी पार्टी के विधायक आलमबदी के निधन पर शोक प्रस्ताव रखा जाएगा। शोक प्रस्ताव के बाद सदन की कार्यवाही स्थगित कर दी जाएगी।
4 अगस्त को आएगा अनुपूरक बजट
सरकार 4 अगस्त को दोपहर 12:20 बजे वित्तीय वर्ष 2026-27 के अनुपूरक अनुदानों की मांग सदन में पेश करेगी। इसके बाद 5 अगस्त को विधायी और अन्य सरकारी कार्य निपटाए जाएंगे, जबकि 6 अगस्त को अनुपूरक बजट पर चर्चा के बाद उसे पारित कराने की तैयारी है।
गौरतलब है कि योगी सरकार इससे पहले वित्तीय वर्ष 2026-27 का 9.12 लाख करोड़ रुपये से अधिक का मूल बजट पहले ही पारित करा चुकी है।
पिछले सत्र के बाद सरकार 9 अध्यादेश जारी कर चुकी है। इनमें निजी विश्वविद्यालय, राजस्व संहिता, लोक सेवा अधिकरण और वानिकी एवं औद्यानिकी विश्वविद्यालय से जुड़े अध्यादेश शामिल हैं। अब सरकार इन्हें विधेयकों के रूप में सदन में पेश कर सकती है।
इसके अलावा भारत के नियंत्रक एवं महालेखापरीक्षक (CAG) की विभिन्न विभागों से जुड़ी रिपोर्टें भी UP Vidhan Sabha के सदन में रखी जाएंगी। वहीं, 24 नवंबर 2024 को संभल की शाही जामा मस्जिद के सर्वे के दौरान हुई हिंसा की जांच के लिए गठित तीन सदस्यीय न्यायिक आयोग की रिपोर्ट भी इसी सत्र में पेश किए जाने की संभावना है।
Also Read: सियासी मैदान में लौट रहे आकाश आनंद, हाथरस से BSP शुरू करेगी मिशन 2027 का अभियान

