Lucknow News: STF ने पकड़ा ऑक्सीटोसीन का बड़ा तस्कर, भारी मात्रा में ‘मौत के इंजेक्शन’ बरामद
Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश की स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने लखनऊ और आसपास के जिलों में अवैध रूप से मिलावटी ऑक्सीटोसीन इंजेक्शन की सप्लाई करने वाले एक अंतरराज्यीय गिरोह के सक्रिय सदस्य को गिरफ्तार किया है। एसटीएफ की इस कार्रवाई से न केवल पशुओं के जीवन से खिलवाड़ करने वाले माफियाओं में हड़कंप मच गया है, बल्कि जनमानस के स्वास्थ्य पर मंडरा रहे खतरे को भी टालने में बड़ी सफलता मिली है।
करिमाबाद अंडरपास के पास घेराबंदी
एसटीएफ के अपर पुलिस अधीक्षक अवनीश्वर चन्द्र श्रीवास्तव के पर्यवेक्षण में उपनिरीक्षक फैजुद्दीन सिद्दीकी की टीम लखनऊ में सूचना संकलन कर रही थी। मुखबिर से सूचना मिली कि एक गिरोह बिहार से अवैध ऑक्सीटोसीन मंगाकर उसमें मिलावट करता है और लखनऊ की डेयरी कॉलोनियों में सप्लाई करता है।
अभियुक्त की गिरफ्तारी 6 अप्रैल की शाम करीब 6:30 बजे, एसटीएफ ने थाना काकोरी क्षेत्र के करिमाबाद अंडरपास के पास घेराबंदी कर रेहान (निवासी रहीमाबाद, लखनऊ) से की गई। अभियुक्त के पास से 502 शीशी (180 एमएल प्रत्येक) ऑक्सीटोसीन इंजेक्शन, एक मोटरसाइकिल और दो मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।
इरफान और बालागंज कनेक्शन का खुलासा
पूछताछ में गिरफ्तार अभियुक्त रेहान ने चौंकाने वाले खुलासे किए हैं। रेहान ने बताया कि बालागंज की कैटल कॉलोनी (डेयरी क्षेत्र) का रहने वाला इरफान इस गिरोह का मुख्य सदस्य है। इरफान ही उसे यह इंजेक्शन उपलब्ध कराता था, जिसे रेहान लखनऊ के विभिन्न डेयरी संचालकों और अन्य स्थानों पर बेचता था। इस गिरोह द्वारा ऑक्सीटोसीन में मिलावट की जा रही थी, जो जानवरों और उन पशुओं का दूध पीने वाले इंसानों के लिए जानलेवा हो सकता है।
कानून की नजर में क्यों है यह गंभीर अपराध?
भारत सरकार के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के नियमों के अनुसार, ऑक्सीटोसीन का विक्रय केवल सिंगल यूनिट ब्लिस्टर पैक में ही संभव है। अवैध तरीके से बड़ी शीशियों में इसका भंडारण और बिक्री पूरी तरह प्रतिबंधित है। एसटीएफ ने बरामद इंजेक्शन के सैंपल लेकर परीक्षण हेतु प्रयोगशाला भेज दिए हैं।
विधिक कार्यवाही
गिरफ्तार अभियुक्त रेहान के विरुद्ध थाना काकोरी में मु.अ.सं. 124/2026 के तहत बीएनएस (BNS) की विभिन्न धाराओं (318(4), 280, 276, 112) में मामला दर्ज कराया गया है। पुलिस अब फरार आरोपी इरफान की तलाश में दबिश दे रही है।

