LU में फावड़ा लेकर पहुंचे VHP-बजरंग दल कार्यकर्ता, बुर्के में परीक्षा और मजारों पर भी उठाया सवाल
Lucknow University Protest: लखनऊ यूनिवर्सिटी में मंदिर की बदहाली और परीक्षा केंद्रों पर पहचान जांच को लेकर विश्व हिंदू परिषद (VHP) और बजरंग दल (Bajrang Dal) के कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया। कार्यकर्ता फावड़ा लेकर विश्वविद्यालय परिसर पहुंचे और जय श्रीराम के नारे लगाए। इसके बाद परिसर में हनुमान चालीसा का पाठ भी किया गया।
प्रदर्शनकारियों ने कुलपति को ज्ञापन सौंपकर मांगों पर जल्द कार्रवाई की अपील की। उनका कहना है कि लाल बहादुर शास्त्री छात्रावास के पास स्थित भगवान शिव के मंदिर की हालत खराब है और लंबे समय से उसकी सफाई व मरम्मत नहीं हुई है।
मंदिर की सफाई और जीर्णोद्धार की मांग
VHP और बजरंग दल ने मंदिर की साफ-सफाई, मरम्मत और जीर्णोद्धार के साथ पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था की मांग की। संगठन ने मंदिर की बदहाली के लिए जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की भी मांग उठाई।
कार्यकर्ताओं का दावा है कि इस मुद्दे पर पहले भी Lucknow University के प्रशासन को ज्ञापन दिया गया था, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। इसी के बाद वे फावड़ा लेकर परिसर पहुंचे और खुद सफाई व मरम्मत की मांग को लेकर प्रदर्शन किया।
बुर्के में परीक्षा को लेकर सख्त जांच की मांग
प्रदर्शनकारियों ने परीक्षाओं के दौरान बुर्का पहनकर आने वाले परीक्षार्थियों की पहचान जांच और तलाशी व्यवस्था सख्त करने की मांग भी की। उनका कहना है कि बुर्के की आड़ में मोबाइल, ईयरफोन या अनुचित साधनों के इस्तेमाल की आशंका रहती है।
इसके अलावा विश्वविद्यालय परिसर (Lucknow University) में मौजूद मजारों को हटाने की मांग भी उठाई गई। VHP और बजरंग दल ने चेतावनी दी कि मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आगे बड़े आंदोलन की तैयारी की जाएगी।
Also Read: लखनऊ में तेज रफ्तार वाहन का कहर, 21 साल की युवती की मौत, टक्कर मारकर चालक फरार

